श्रेया कालरा @Netflix_socialmedia
श्रेया कालरा @Netflix_socialmedia
रियलिटी शो 'लॉक अप 2' इस बार अपने पहले सीजन से ज्यादा लोगों द्वारा पसंद किया जा रहा है. शो का एक-एक सीन चर्चा का हिस्सा बन जाता है, जो कि इस शो का थीम भी है. इसी शो की एक स्ट्रॉन्ग प्लेयर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेया कालरा का बयान भी वायरल हो रहा है. आकांक्षा चौधरी द्वारा उनका राज सबके सामने लाने के बाद, श्रेया सामने आईं और उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा दर्दनाक सच टीम मेट्स के साथ शेयर किया, जिसे सुनकर हर कोई इमोशनल नजर आया. शो के दौरान श्रेया ने अपने बचपन से जुड़े उस कड़वे पल के बारे में बताया, जब वह महज 13 साल की थीं और उनके साथ उनके ही एक रिश्तेदार भाई ने उन्हें मोलेस्ट किया था.
बचपन की दर्दनाक घटना को किया याद
श्रेया कालरा ने बताया कि बचपन में उनके साथ हुई इस घटना ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया था. उन्होंने खुलासा किया कि जिस इंसान को उनका परिवार अपने बेटे की तरह मानता था, उसी ने उनके साथ गलत हरकत की. श्रेया ने कहा कि उस समय वह इतनी छोटी थीं कि उन्हें समझ नहीं आया कि उनके साथ क्या हो रहा है. उन्होंने बताया कि यह घटना उनके लिए बेहद डरावनी थी और लंबे समय तक वह इस दर्द को अपने अंदर दबाकर रखती रहीं.
परिवार के भरोसे को लगा था बड़ा झटका
श्रेया ने अपनी आपबीती बताते कहा कि सबसे ज्यादा तकलीफ इस बात की थी कि यह सब किसी अनजान व्यक्ति ने नहीं, बल्कि परिवार के करीबी रिश्तेदार ने किया था. जिस व्यक्ति पर परिवार भरोसा करता था, जो रिश्ते में उनकी भाई लगता था, उसी ने इस भरोसे को तोड़ दिया. उन्होंने ये भी बताया कि उसकी मां का देहांत हो गया था, जिसके बाद उनकी मां ने उस लड़के की परवरिश की थी. श्रेया ने आगे कहा कि इस घटना के बाद उनके मन में कई तरह के सवाल थे और वह काफी समय तक इस बात को किसी से कह नहीं पाईं.
'लॉक अप 2' में खुलकर रखी अपनी बात
रियलिटी शो में अपनी कहानी बताते हुए श्रेया कालरा ने कहा कि कई लोग ऐसी घटनाओं के बाद चुप रह जाते हैं, लेकिन जरूरी है कि इसके खिलाफ आवाज उठाई जाए. वह आगे रोते हुए बताती हैं कि, वह दूसरों के लिए आवाज बनती हैं, लेकिन खुद के लिए आवाज नहीं उठा पाईं. उन्होंने अपनी कहानी इसलिए शेयर की ताकि उन लोगों को हिम्मत मिल सके, जो किसी दर्दनाक अनुभव से गुजर चुके हैं. श्रेया ये भी नहीं चाहती कि लॉकअप के अंदर या बाहर उन्हें किसी तरह की सहानुभूति मिले, न वह चाहती हैं कि उनकी मां को सच पता चले. उस दिन से पहले ये बात उनकी मां या किसी और को पता नहीं थी, लेकिन उन्होंने अपने दोस्त ऋषभ जायसवाल को ये बात बताई थी.
सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आईं श्रेया
श्रेया कालरा सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं. वह अपने डांस वीडियो और कंटेंट को लेकर अक्सर चर्चा में रहती हैं. अब 'लॉक अप 2' में अपनी निजी जिंदगी से जुड़े इस खुलासे के बाद वह एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं. उनकी इस कहानी के बाद फैंस ने उनके साहस की तारीफ की और कहा कि इतने संवेदनशील मुद्दे पर खुलकर बात करना आसान नहीं होता. उनका यह खुलासा न सिर्फ उनके निजी दर्द को सामने लाता है, बल्कि समाज में बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर एक जरूरी सवाल भी खड़े कर रहा है.
ये भी पढ़ें