भगवान राम की कहानी एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आने वाली है. नितेश तिवारी की करीब 4000 करोड़ रुपए की रामायण की रिलीज से पहले ही एक और फिल्म इस महाकाव्य को पर्दे पर उतारने जा रही है. अभिषेक सिंह की फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' का ट्रेलर रिलीज हो गया है. फिल्म 25 सितंबर को हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
फिल्म में देव शर्मा प्रभु राम का रोल निभा रहे हैं, जबकि अंजलि अरोड़ा माता सीता के किरदार में नजर आएंगी. माता सीता के रोल के लिए अंजलि को काफी ट्रोलिंग झेलनी पड़ रही है.
सीता हरण से शुरू होती है कहानी
महाकाव्य श्री रामायण कथा का ट्रेलर सीधे रामायण के सबसे अहम प्रसंगों में से एक से शुरू होता है. इसमें रावण को सीता का हरण करते दिखाया गया है. रावण सीता को पुष्पक विमान से लंका ले जाता है और वहां बंदी बना लेता है. दूसरी ओर भगवान राम स्वर्ण मृग के पीछे जाते हैं. बाद में उन्हें पता चलता है कि स्वर्ण मृग असल में एक छल था और सीता का हरण हो चुका है. इसके बाद राम सीता को वापस लाने के लिए लंका की ओर निकल पड़ते हैं. ट्रेलर में राम की यात्रा में हनुमान और वानर सेना के साथ मिलने वाले सहयोग को भी दिखाया गया है.
हनुमान का लंका जाना और संजीवनी बूटी
ट्रेलर में हनुमान का लंका पहुंचकर सीता से मिलना भी नजर आता है. हनुमान सीता को अपने साथ वापस ले जाने की बात कहते हैं, लेकिन सीता इससे इनकार कर देती हैं. वह कहती हैं कि वह तभी लंका से जाएंगी, जब राम खुद आएंगे, रावण का अंत करेंगे और उन्हें वापस लेकर जाएंगे. इसके अलावा ट्रेलर में राम और वानर सेना द्वारा समुद्र पर पत्थरों का पुल बनाने, हनुमान के लंका दहन और संजीवनी बूटी लाने के लिए हिमालय जाने जैसे कई महत्वपूर्ण प्रसंग भी दिखाई देते हैं.
'रामायण' से अलग है फिल्म का अंदाज
नितेश तिवारी की रामायण के मुकाबले महाकाव्य श्री रामायण कथा का पैमाना काफी अलग है. तिवारी की फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी सीता की भूमिका में हैं. फिल्म को दो हिस्सों में बनाया जा रहा है और इसका कथित बजट करीब 4000 करोड़ रुपए बताया गया है.
ट्रेलर पर सोशल मीडिया यूजर्स के मिले-जुले रिएक्शन
ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग तरह के कमेंट्स देखने को मिले. एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा- 'ट्रेलर देखने के बाद प्रभास- ‘ओम, तुम मेरे कमरे से जा सकते हो.'
एक अन्य यूजर ने लिखा- 'आज पता चला बालवीर वाले VFX अच्छे थे.' वहीं किसी ने फिल्म को लेकर लिखा- 'भगवान से डरो.' एक कमेंट में 'आदिपुरुष' का जिक्र करते हुए लिखा गया- 'आखिरकार ‘आदिपुरुष’ को भी कड़ी टक्कर मिल गई.'