370 की बिरयानी पड़ी महंगी! प्रणित मोरे-हिमांशु जांगड़ा की बढ़ी मुश्‍किलें, महाराष्ट्र साइबर सेल ने दर्ज किया केस, महिला आयोग भी हुआ सख्त

महाराष्ट्र साइबर सेल ने स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे और अन्य लोगों के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के मामले में एफआईआर दर्ज की है.

कॉमेडियन प्रणित मोरे
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 12 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:44 AM IST

'370 रुपए की बिरयानी' वाले वीडियो के बाद महाराष्ट्र साइबर सेल ने स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे, हिमांशु जांगड़ा, डॉ. सेजल पवार और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. यह केस मुंबई स्थित नोडल साइबर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है. आयोग ने इस घटना को लेकर मीडिया रिपोर्ट्स और वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.

महिलाओं को लेकर टिप्पणी पर विवाद
अधिकारियों के अनुसार, जांच उन वीडियो और क्लिप्स को लेकर शुरू हुई है जो यूट्यूब, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हुए थे. ये वीडियो गुरुग्राम के एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो के हैं. वायरल क्लिप में हिमांशु जांगड़ा एक डेट का एक्सपीरिएंस शेयर करते दिखाई दिए. उन्होंने बताया कि उन्होंने एक महिला के लिए 370 रुपए की बिरयानी खरीदी थी. बाद में महिला ने उन्हें घर छोड़ने के लिए कहा तो हिमांशु ने कहा-370 रुपये खर्च किए हैं वसूल तो करूंगा ही.

डॉक्टर का कमेंट भी जांच के दायरे में
विवाद यहीं नहीं रुका. शो में सेजल पवार नाम की एक डॉक्टर और इन्फ्लुएंसर ने कहा था कि वे और उनके साथी मेडिकल स्टूडेंट कॉलेज (KEM हॉस्पिटल, मुंबई) में मेडिकल रिसर्च और डिसेक्शन के लिए दान किए गए पुरुषों के शवों के प्राइवेट पार्ट्स को देखते और उनका मजाक उड़ाते थे. यह कमेंट भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और लोगों ने इसकी आलोचना की. इसके बाद साइबर सेल ने इसे भी जांच के दायरे में शामिल कर लिया है.

बयान दर्ज कराने के लिए भेजे गए समन
महाराष्ट्र साइबर सेल का कहना है कि आपत्तिजनक सामग्री को रिकॉर्ड कर जानबूझकर सोशल मीडिया पर प्रचारित किया गया ताकि ज्यादा व्यूज और ऑनलाइन कमाई हासिल की जा सके. जांच के तहत प्रणीत मोरे, हिमांशु जांगड़ा और डॉ. सेजल पवार को समन जारी कर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी.

महिला आयोग ने भी लिया संज्ञान
इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग भी सक्रिय हो गया है. आयोग ने वायरल वीडियो और मीडिया रिपोर्ट्स का स्वत: संज्ञान लेते हुए प्रणीत मोरे और हिमांशु जांगड़ा को तलब किया है. आयोग की अध्यक्ष विजया राहतकर ने हरियाणा के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर मामले में समयबद्ध कार्रवाई की मांग की है. आयोग का कहना है कि महिलाओं की सहमति, गरिमा और शारीरिक स्वायत्तता को कमजोर करने वाले व्यवहार का सामान्यीकरण समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है.

माफी के बावजूद जारी है विवाद
सोशल मीडिया पर आलोचना बढ़ने के बाद प्रणीत मोरे, हिमांशु जांगड़ा और डॉ. सेजल पवार ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी. हालांकि विवाद थमता नहीं दिख रहा है. हिमांशु जांगड़ा को नौकरी से निकाल दिया गया है, जबकि डॉ. पवार के संस्थान केईएम अस्पताल और मेडिकल कॉलेज ने उनके खिलाफ जांच शुरू कर दी है. वहीं, प्रणीत मोरे ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद कर दिया है.

क्या है 370 की बिरयानी वाला मामला?
विवाद की शुरुआत प्रणीत मोरे के एक क्राउडवर्क शो से हुई. शो के दौरान गुरुग्राम के रहने वाले 23 वर्षीय हिमांशु जांगड़ा ने अपने डेटिंग अनुभव के बारे में बात की. हिमांशु ने बताया कि वह एक लड़की के साथ डेट पर गया था, जहां उसने चिकन बिरयानी की एक प्लेट के लिए 370 खर्च किए थे. इसके बाद उसने कहा कि उसे इस खर्च का रिटर्न मिलना चाहिए था. हिमांशु ने दावा किया कि बिरयानी खाने के बाद लड़की ने उसे घर छोड़ने के लिए कहा. इस पर उसने मजाकिया अंदाज में कहा, 370 रुपये लगे हैं, मैं वसूल तो करूंगा. पार्क में ले जाने वाली बात पर बढ़ा विवाद शो के दौरान हिमांशु ने आगे बताया कि वह लड़की को अपने कमरे पर ले जाने के बारे में सोच रहा था. बाद में उसने उसे एक अंधेरे पार्क में चलने के लिए कहा. उसके मुताबिक लड़की शुरुआत में इसके लिए तैयार नहीं थी, लेकिन बाद में वह उसके साथ पार्क चली गई. सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पूरे बयान को महिलाओं के प्रति असंवेदनशील और आपत्तिजनक बताया. वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने हिमांशु के साथ-साथ प्रणीत मोरे की भी आलोचना की.

 

Read more!

RECOMMENDED