बॉक्स ऑफिस पर ज्यादातर बड़ी स्टारकास्ट और भारी-भरकम बजट वाली फिल्मों का दबदबा देखने को मिलता है. लेकिन इन दिनों एक ऐसी फिल्म ने ट्रेड एक्सपर्ट्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है, जिसने धीमी शुरुआत के बावजूद शानदार वापसी करते हुए सबको चौंका दिया. इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी 'मैं वापस आऊंगा' लगातार चौथे वीकेंड में भी मजबूत पकड़ बनाए हुए है. खास बात यह है कि फिल्म का प्रदर्शन उस समय भी बरकरार है, जब सिनेमाघरों में 'Alpha' और 'Welcome to the Jungle' जैसी बड़ी रिलीज मौजूद हैं.
धीमी शुरुआत के बाद बदली पूरी कहानी
रिलीज के शुरुआती दिनों में फिल्म का प्रदर्शन सामान्य रहा था और कई ट्रेड पंडितों ने इसे कमजोर शुरुआत मान लिया था. हालांकि, समय के साथ दर्शकों के बीच फिल्म की कहानी और भावनात्मक कंटेंट की चर्चा बढ़ी. सकारात्मक वर्ड ऑफ माउथ का असर ऐसा रहा कि दूसरे और तीसरे हफ्ते में फिल्म की कमाई लगातार बेहतर होती गई. यही ट्रेंड अब चौथे वीकेंड में भी देखने को मिल रहा है.
'Alpha' और 'Welcome to the Jungle' के बीच भी कायम रही पकड़
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, तीसरे हफ्ते के आखिर यानी गुरुवार तक फिल्म ने 1.30 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। शुक्रवार को 'Alpha' रिलीज होने के बाद फिल्म के शोज लगभग आधे रह गए, लेकिन इसके बावजूद पहले दिन 1 करोड़ रुपए की कमाई दर्ज हुई। शनिवार को फिल्म ने शानदार उछाल लेते हुए करीब 2 करोड़ रुपए और रविवार को 2.35 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया। इस तरह चौथे वीकेंड में फिल्म की कुल कमाई 5.4 करोड़ रुपए रही, जो इसके पहले वीकेंड के लगभग 5.5 करोड़ रुपए के बराबर है।
24 दिनों के बॉक्स ऑफिस रन के बाद फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 57.65 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि इसी रफ्तार के साथ फिल्म जल्द ही 60 करोड़ रुपए का आंकड़ा भी पार कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली और पंजाब के कई सिनेमाघरों में दर्शकों की लगातार बनी डिमांड को देखते हुए सोमवार से इसके शोज दोबारा बढ़ाए जाने की तैयारी है। मजबूत वर्ड ऑफ माउथ और दर्शकों के सकारात्मक रिस्पॉन्स ने 'मैं वापस आऊंगा' को बॉक्स ऑफिस पर लंबी रेस का खिलाड़ी बना दिया है।
कंटेंट की ताकत ने बदली बॉक्स ऑफिस की तस्वीर
फिल्म में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी जैसे कलाकारों की दमदार मौजूदगी के साथ इसकी कहानी ने दर्शकों का दिल जीत लिया. यही वजह रही कि फिल्म केवल शुरुआती ओपनिंग पर निर्भर नहीं रही, बल्कि दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के दम पर हर सप्ताह अपनी पकड़ मजबूत करती गई. ट्रेड विश्लेषकों का मानना है कि यह प्रदर्शन एक बार फिर साबित करता है कि अच्छी कहानी और बेहतरीन कंटेंट आज भी किसी फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर लंबी रेस का खिलाड़ी बना सकते हैं.
ये भी पढ़ें