'मिर्जापुर' का क्रेज सिर्फ ओटीटी तक सीमित नहीं है, वेब सीरीज के बाद जब इसके किरदार बड़े पर्दे पर पहुंचे तो दर्शकों ने उन्हें खूब प्यार दिया. पंकज त्रिपाठी, अली फजल, रवि किशन और दिव्येंदु स्टारर 'मिर्जापुर: द मूवी' बॉक्स ऑफिस पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है. फिल्म ने मजबूत शुरुआत के बाद वीकडेज में भी अपनी पकड़ बनाए रखी है. छठे दिन फिल्म ने 12 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है और अब इसकी नजर 200 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड कलेक्शन पर है.
छठे दिन 'मिर्जापुर: द मूवी' ने कितनी कमाई की?
Sacnilk के मुताबिक, 'मिर्जापुर: द मूवी' ने छठे दिन भारत में 12.30 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसके साथ ही फिल्म की भारत में कुल नेट कमाई 137.65 करोड़ रुपये हो गई है. छठे दिन फिल्म की ओवरऑल ऑक्यूपेंसी 30.37 प्रतिशत रही. दिन बढ़ने के साथ फिल्म के शो में दर्शकों की संख्या भी बढ़ी. सुबह के शो में ऑक्यूपेंसी 17.77 प्रतिशत, दोपहर में 27.38 प्रतिशत और शाम के शो में 29.15 प्रतिशत रही. वहीं रात के शो में सबसे ज्यादा 47.15 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई.
वीकडेज में भी जारी है फिल्म का जलवा
ओपनिंग वीकेंड में शानदार कमाई करने के बाद फिल्म ने सोमवार से शुरू हुए वीकडेज में भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचना जारी रखा है. हालांकि छठे दिन फिल्म की कमाई पिछले दिन के मुकाबले थोड़ी कम हुई है, लेकिन इसके बावजूद कारोबार मजबूत बना हुआ है.
193 करोड़ रुपये के करीब पहुंची वर्ल्डवाइड कमाई
'मिर्जापुर: द मूवी' की कमाई सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है. फिल्म को विदेशों में भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. छठे दिन फिल्म ने विदेशों में करीब 2 करोड़ रुपये की कमाई की. Sacnilk के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म का ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 29 करोड़ रुपये पहुंच चुका है. वहीं भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 164.43 करोड़ रुपये है. इस तरह फिल्म की कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई 193.43 करोड़ रुपये हो गई है. अब फिल्म जल्द ही 200 करोड़ रुपये के आंकड़े के करीब पहुंच गई है.
'मिर्जापुर: द मूवी' की यह कमाई फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता को भी दिखाती है. ओटीटी पर बड़ी सफलता हासिल करने के बाद अब फिल्म ने सिनेमाघरों में भी अपनी मजबूत पकड़ बना ली है.
ये भी पढ़ें: