Mrs India 2026 का खिताब जीतने वाली आकांक्षा चौधरी के लिए यह जीत सिर्फ एक क्राउन नहीं, बल्कि संघर्ष, मेहनत और परिवार के सहयोग की कहानी है. सात महीने के बच्चे की मां होने के बावजूद उन्होंने फिटनेस, रैंप वॉक और मॉडलिंग की दुनिया में शानदार वापसी की. उनका कहना है कि अगर परिवार का साथ मिले और खुद पर भरोसा हो, तो मां बनने के बाद भी सपनों को नई उड़ान दी जा सकती है.
जीत की खुशी पूरे परिवार ने मिलकर मनाई
आकांक्षा चौधरी ने कहा कि इस जीत से सिर्फ वह ही नहीं, बल्कि पूरा परिवार बेहद खुश है. उन्होंने बताया कि जैसे ही मंच से उनके नाम की घोषणा हुई, उनकी मां खुशी से झूम उठीं. उनका कहना है कि परिवार के लिए भी यह पल उतना ही खास था, जितना उनके लिए.
सात महीने के बच्चे की मां होने के बावजूद नहीं छोड़ा सपना
आकांक्षा ने बताया कि वह सात महीने के बेटे की मां हैं. ऐसे में डिलीवरी के बाद दोबारा फिटनेस हासिल करना, लंबे समय तक हील्स पहनकर रैंप वॉक करना और मॉडलिंग की तैयारी करना आसान नहीं था. उन्होंने कहा कि यह सफर चुनौतीपूर्ण जरूर था, लेकिन आखिर में मेहनत का मीठा फल मिला.
परिवार ने हर कदम पर दिया साथ
उन्होंने अपनी सफलता का बड़ा श्रेय परिवार को दिया. आकांक्षा ने बताया कि उनकी मां और सास बारी-बारी से बच्चे की देखभाल करती थीं, जिससे उन्हें तैयारी के लिए समय मिल सका. वहीं उनके पति ने भी हर कदम पर उनका साथ दिया. वह उनके खान-पान का ध्यान रखते थे, यह सुनिश्चित करते थे कि वह संतुलित भोजन करें और उनकी प्रतियोगिता की ड्रेसेस तैयार कराने में भी मदद की.
सिर्फ दो महीने में की पूरी तैयारी
आकांक्षा ने बताया कि उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का फैसला लगभग दो महीने पहले लिया था. सबसे पहले उन्होंने फिटनेस के लिए स्विमिंग शुरू की. इसके बाद जिम जाना शुरू किया और डाइट पर खास ध्यान दिया. चूंकि वह अभी भी अपने बच्चे को फीड करा रही हैं, इसलिए उन्होंने खाना कम करने के बजाय प्रोटीन की मात्रा बढ़ाई और कार्बोहाइड्रेट का सेवन सीमित रखा. इसके साथ ही उन्होंने रैंप वॉक, पोज़ और मॉडलिंग मेकअप की भी नियमित प्रैक्टिस की. उन्होंने बताया कि यूट्यूब वीडियो की मदद से भी काफी कुछ सीखा. प्रतियोगिता में पहुंचने तक उनकी लगभग 80 प्रतिशत तैयारी पूरी हो चुकी थी, जबकि बाकी 20 प्रतिशत तैयारी वहां मौजूद ट्रेनर्स ने करवाई.
कंटेंट क्रिएटर के साथ मॉडलिंग भी रखेंगी जारी
आकांक्षा चौधरी ने बताया कि वह पहले से एक कंटेंट क्रिएटर हैं और LinkedIn व Instagram पर उनके करीब 4 से 5 लाख फॉलोअर्स हैं. उन्होंने कहा कि वह इस मंच और अपने क्राउन का इस्तेमाल अपनी आवाज को और ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए करना चाहती हैं. उनका उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को यह संदेश देना है कि परिवार या बच्चे की जिम्मेदारी सपनों के बीच रुकावट नहीं बननी चाहिए. उन्होंने साफ कहा कि वह अपना काम नहीं छोड़ेंगी, बच्चे की जिम्मेदारी भी निभाएंगी और साथ ही मॉडलिंग व ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में भी आगे बढ़ती रहेंगी.
ये भी पढ़ें