दुनिया के सबसे ज्यादा सब्सक्राइब किए जाने वाले यूट्यूबर MrBeast यानी जिमी डोनाल्डसन अब शादी के बंधन में बंध गए हैं. उन्होंने अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड थिया बूयसन से एक प्राइवेट आइलैंड में शादी की. शादी की तस्वीरें खुद MrBeast ने सोशल मीडिया पर शेयर कीं और लिखा, I found MrsBeast. उन्होंने इस दिन को अपनी जिंदगी का सबसे खूबसूरत दिन भी बताया.
शादी में सिर्फ 70 खास मेहमान हुए शामिल
MrBeast और Thea Booysen की शादी मशहूर कारोबारी रिचर्ड ब्रैनसन के प्राइवेट आइलैंड नेकर पर हुई. यह समारोह बेहद निजी रखा गया, जिसमें सिर्फ परिवार और करीबी दोस्तों समेत करीब 70 मेहमान शामिल हुए. शादी की तस्वीरों में दोनों बेहद खुश नजर आए. शादी के बाद थिया ने अपना नाम बदलकर Thea Donaldson भी कर लिया है. दोनों की शादी की तस्वीरें इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही हैं.
कौन हैं MrBeast?
MrBeast का असली नाम जिमी डोनाल्डसन है. उन्हें दुनिया का सबसे लोकप्रिय यूट्यूबर माना जाता है. उनके यूट्यूब चैनल पर सबसे ज्यादा सब्सक्राइबर हैं. MrBeast अपने महंगे और अनोखे वीडियो, बड़े-बड़े चैलेंज, लाखों-करोड़ों रुपये के गिवअवे और लोगों की मदद करने वाले कंटेंट के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने यूट्यूब पर ऐसा कंटेंट बनाया जिसने उन्हें दुनियाभर में अलग पहचान दिलाई.
कौन हैं Thea Booysen?
Thea Booysen साउथ अफ्रीका की जानी-मानी यूट्यूबर और ट्विच स्ट्रीमर हैं. वह सिर्फ कंटेंट क्रिएटर ही नहीं, बल्कि पढ़ाई में भी काफी आगे रही हैं. उनके पास लॉ और साइकोलॉजी की दो डिग्रियां हैं. वह अपने डिजिटल कंटेंट के अलावा MrBeast के दो यूट्यूब वीडियो में भी नजर आ चुकी हैं.
2022 में हुई पहली मुलाकात, फिर दोस्ती से शुरू हुआ प्यार
MrBeast और Thea Booysen की पहली मुलाकात साल 2022 में साउथ अफ्रीका में हुई थी, जब जिमी वहां गए थे. पहली मुलाकात के बाद जिमी ने थिया को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मैसेज किया. इसके बाद दोनों की बातचीत बढ़ी और जल्द ही उन्होंने एक-दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया.