Advertisement

सौरव गांगुली की बायोपिक का फर्स्ट लुक जारी, राजकुमार राव बने 'दादा'... जानें कब रिलीज होगी फिल्म

भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाने वाले सौरव गांगुली की जिंदगी अब बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी. उनके जन्मदिन के खास मौके पर मेकर्स ने फिल्म 'दादा- द सौरव गांगुली स्टोरी' का पहला पोस्टर जारी कर दिया है.

Dada- The Sourav Ganguly Story
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 08 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 12:39 PM IST

भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाने वाले सौरव गांगुली की जिंदगी अब बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी. उनके जन्मदिन के खास मौके पर मेकर्स ने फिल्म 'दादा- द सौरव गांगुली स्टोरी' का पहला पोस्टर जारी कर दिया है. पोस्टर में राजकुमार राव सौरव गांगुली के मशहूर लॉर्ड्स बालकनी वाले जश्न को दोहराते नजर आ रहे हैं. इसी के साथ फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया गया है.

लॉर्ड्स के ऐतिहासिक जश्न की झलक
फिल्म के पहले पोस्टर में राजकुमार राव को सौरव गांगुली के उस यादगार अंदाज में दिखाया गया है, जब उन्होंने साल 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ नेटवेस्ट ट्रॉफी जीतने के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में अपनी टी-शर्ट लहराकर जीत का जश्न मनाया था. भारतीय क्रिकेट इतिहास का यह पल आज भी सबसे चर्चित लम्हों में गिना जाता है.

सौरव गांगुली ने कहा- सबसे बेहतरीन तोहफा
पोस्टर शेयर करते हुए सौरव गांगुली ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, 'The Best Gift Ever. Can't wait to see you play my cover drive.' इस पोस्ट के साथ उन्होंने राजकुमार राव को टैग भी किया. वहीं, राजकुमार राव ने भी गांगुली को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए फिल्म का फर्स्ट लुक साझा किया. फिल्म का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवाने कर रहे हैं, जबकि इसके निर्माता लव रंजन और अंकुर गर्ग हैं. फिल्म को गुलशन कुमार, भूषण कुमार, टी-सीरीज और डीबीएल प्रस्तुत कर रहे हैं.



दौना गांगुली और परिवार की कहानी भी होगी शामिल
फिल्म में अभिनेत्री तान्या मानिकतला, सौरव गांगुली की पत्नी दौना गांगुली का किरदार निभाएंगी. खबरों के मुताबिक, फिल्म में दोनों की प्रेम कहानी और रिश्ते को भी खास जगह दी जाएगी, जिसमें एक म्यूजिकल सीक्वेंस भी देखने को मिल सकता है. वहीं, बंगाली सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री अपराजिता आध्या सौरव की मां निरूपा गांगुली और सास्वत चटर्जी उनके पिता चंडी गांगुली की भूमिका निभाएंगे. मेकर्स ने फिल्म की कहानी को वास्तविक बनाने के लिए कई बंगाली कलाकारों को भी शामिल किया है.

14 मई 2027 को होगी रिलीज
'दादा- द सौरव गांगुली स्टोरी' 14 मई 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ सौरव गांगुली के प्रशंसकों को इस फिल्म का लंबे समय से इंतजार है. अब फर्स्ट लुक सामने आने के बाद दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement