Kriti Sanon
Kriti Sanon
बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन ने पहली बार बताया है कि उन्होंने अपने एग्स फ्रीज करवाए हैं. उनका कहना है कि यह फैसला उन्होंने सोच-समझकर लिया था. कृति सेनन ने एक पॉडकास्ट में बताया कि उन्होंने एग फ्रीजिंग उसी समय करवाई, जब फिल्म मिमी के लिए उन्हें वजन बढ़ाना था. उन्होंने कहा कि एग फ्रीजिंग की प्रक्रिया के दौरान शरीर में काफी ब्लोटिंग होती है. उन्हें फिल्म के लिए पहले से ही वजन बढ़ाना था, इसलिए उन्हें लगा कि यही इस प्रक्रिया के लिए सबसे सही समय है. कृति सेनन का नाम कबीर बहिया के साथ जोड़ा जाता है.
दोस्त की सलाह पर करवाया था एग फ्रीज
कृति ने बताया कि उनकी एक दोस्त ने उन्हें एग फ्रीजिंग के बारे में समझाया था. उन्होंने बताया था कि यह खुद को दिया जाने वाला सबसे बेहतरीन गिफ्ट हो सकता है. यह बात कृति के मन में रह गई. जब उन्हें करीब दो महीने का ब्रेक मिला और वे सिर्फ अपने शरीर को फिल्म के किरदार के हिसाब से तैयार कर रही थीं, तब उन्होंने एग फ्रीजिंग कराने का फैसला कर लिया.
आसान नहीं थी पूरी प्रक्रिया
कृति ने साफ कहा कि एग फ्रीजिंग जितनी सुनने में आसान लगती है, उतनी होती नहीं है. उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्हें कई शारीरिक और मानसिक बदलावों से गुजरना पड़ा. शरीर में काफी ब्लोटिंग हुई. हार्मोनल बदलावों की वजह से मूड स्विंग्स आए. शरीर में ऐसा बदलाव महसूस हुआ, जैसा कई महिलाएं गर्भावस्था के शुरुआती दौर में अनुभव करती हैं. हालांकि, इन सबके बावजूद उन्हें खुशी है कि उन्होंने यह फैसला लिया, क्योंकि अब उन्हें अपनी 'बायोलॉजिकल क्लॉक' का दबाव महसूस नहीं होता.
क्या होती है एग फ्रीजिंग?
एग फ्रीजिंग एक ऐसी मेडिकल तकनीक है, जिसमें महिला के हेल्दी अंडों को निकालकर बेहद कम तापमान पर सुरक्षित रखा जाता है. बाद में जब महिला मां बनने का फैसला करती है, तब इन्हीं अंडों का इस्तेमाल IVF (इन विट्रो फर्टिलाइजेशन) के जरिए गर्भधारण की कोशिश में किया जा सकता है. एग फ्रीजिंग को एक "बैकअप प्लान" की तरह देखा जा रहा है. इससे महिलाएं शादी का जल्दबाजी में फैसला लेने के बजाय अपनी सुविधा और परिस्थितियों के अनुसार परिवार बढ़ाने की योजना बना सकती हैं.
इन सेलिब्रिटीज ने भी साझा किया अनुभव
कृति सेनन अकेली ऐसी अभिनेत्री नहीं हैं जिन्होंने इस विषय पर खुलकर बात की है. प्रियंका चोपड़ा ने बताया था कि उन्होंने 30 की उम्र के शुरुआती वर्षों में अपनी मां की सलाह पर एग फ्रीज करवाए थे, ताकि करियर और निजी जिंदगी के फैसले बिना किसी दबाव के ले सकें. एकता कपूर ने भी 30 की उम्र में एग फ्रीज करवाए थे. बाद में उन्होंने साल 2019 में सरोगेसी के जरिए बेटे रवि का स्वागत किया. एक्ट्रेस मोना सिंह भी बता चुकी हैं कि इस फैसले ने उन्हें बिना किसी जल्दबाजी के अपने करियर और जिंदगी पर ध्यान देने की आजादी दी.