'छैया छैया' सॉंग फैक्ट
'छैया छैया' सॉंग फैक्ट
शाहरुख खान और मलाइका अरोड़ा पर फिल्माया गया 'छैया छैया' आज भी बॉलीवुड के सबसे आइकॉनिक गानों में गिना जाता है. चलती ट्रेन की छत पर फिल्माया गया यह गाना रिलीज के करीब तीन दशक बाद भी लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल है. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इस गाने के लिए शुरुआत में मलाइका अरोड़ा नहीं, बल्कि 90 के दशक की अभिनेत्री शिल्पा शिरोड़कर को चुना गया था. हाल ही में खुद शिल्पा ने इस पूरे किस्से का खुलासा एक शो में किया.
पहले शिल्पा को मिला था ऑफर
डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' में पहुंचीं शिल्पा शिरोड़कर से होस्ट हर्ष लिम्बाचिया ने 'छैया छैया' को लेकर सवाल किया. इस पर शिल्पा ने बताया कि गाने की कोरियोग्राफर फराह खान सबसे पहले उनके पास यह ऑफर लेकर आई थीं. हालांकि उन्होंने इसके लिए एक शर्त भी रखी थी.
शिल्पा ने बताया कि फराह खान ने उनसे कहा था कि अगर उन्हें यह गाना करना है तो 15 दिनों के भीतर अपना वजन कम करना होगा. इसके बाद उन्होंने पूरी मेहनत के साथ डाइटिंग शुरू कर दी. उन्होंने करीब दो हफ्ते तक सिर्फ उबली हुई सब्जियां खाईं ताकि वजन कम हो सके. एक्ट्रेस के मुताबिक, उनकी मेहनत के बावजूद फराह खान को लगा कि उनका वजन गाने की जरूरत के हिसाब से पर्याप्त नहीं घटा है.
'तुम अभी भी मोटी हो' कहकर कर दिया रिजेक्ट
शिल्पा ने हंसते हुए बताया कि कुछ दिनों बाद फराह खान वापस आईं और साफ शब्दों में कहा, 'सॉरी, लेकिन तुम अभी भी मोटी हो. हम तुम्हें इस गाने के लिए नहीं ले सकते.' इसके बाद यह गाना मलाइका अरोड़ा को ऑफर किया गया और आगे चलकर वही इस गाने का चेहरा बन गईं. शिल्पा ने यह भी कहा कि वह इस बात को स्वीकार करती हैं कि उस समय उनका वजन ज्यादा था, लेकिन फराह खान अक्सर मजाक में कहती हैं कि उनका वजन 100 किलो था. इस पर एक्ट्रेस ने मुस्कुराते हुए कहा कि वह 100 किलो की नहीं थीं.
मलाइका के करियर का बना सबसे बड़ा गाना
आखिरकार 'दिल से' (1998) के इस गाने में मलाइका अरोड़ा नजर आईं और उनकी परफॉर्मेंस ने उन्हें रातोंरात नई पहचान दिला दी. शाहरुख खान के साथ उनकी केमिस्ट्री और चलती ट्रेन पर किया गया डांस आज भी हिंदी सिनेमा के सबसे यादगार गानों में गिना जाता है. वहीं, शिल्पा शिरोड़कर का यह खुलासा एक बार फिर दिखाता है कि बॉलीवुड में कई बड़े मौके कभी-कभी छोटी-सी वजह से भी हाथ से निकल जाते हैं.
ये भी पढ़ें