Advertisement

बुराई की जीत वाले बयान को लेकर ट्रोल हुए थे रणबीर कपूर, अब मांगी माफी, बोले- 'जो भी मैं कहना चाहूं, बर्बाद करें अल्फाज मेरे'

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म में साई पल्लवी, रवि दुबे, विवेक ओबेरॉय, रकुल प्रीत सिंह, अनुपम खेर, फैसल मलिक और कुणाल कपूर सहित कई कलाकार भी हैं.

Ranbir Kapoor
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 22 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:26 AM IST
  • दशहरे पर ऐसा क्या बोल गए रणबीर कपूर कि मांगनी पड़ी माफी?
  • 'रामायण' के इवेंट में मांगी माफी

बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर ने दशहरे के मौके पर दिए गलती से दिए एक बयान के लिए माफी मांगी है. कोलकाता में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया, लेकिन उनकी कही एक बात ने इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींच लिया. अब रणबीर ने कहा है कि वह यह नहीं कहना चाहते थे कि आखिर में बुराई की जीत होगी. उनका मतलब था कि बुराई कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, अंत में जीत सच्चाई और अच्छाई की ही होती है. इस दौरान उन्होंने अपनी फिल्म 'रॉकस्टार' के एक गाने की लाइन भी सुनाई.

रणबीर बोले- मैं जो कहना चाहता था, वो कह नहीं पाया
रणबीर कपूर ने कार्यक्रम में कहा, 'मैं कल हुई एक घटना के लिए माफी मांगता हूं. मैं दशहरे के एक कार्यक्रम में था और वहां मेरी जुबान फिसल गई थी. मैं जो कहना चाहता था, वह यह था कि बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में जीत सच्चाई और अच्छाई की होगी.' उन्होंने अपनी बात समझाने के लिए फिल्म 'रॉकस्टार' का गाना याद किया. उन्होंने कहा, 'जो भी मैं कहना चाहूं, बर्बाद करें अल्फाज मेरे.'

 

दशहरे के संदेश पर बोलते हुए फिसली थी जुबान
यह पूरा मामला दशहरे से एक दिन पहले कोलकाता में हुए एक कार्यक्रम का है. वहां रणबीर कपूर त्योहार के महत्व और बुराई पर अच्छाई की जीत के संदेश के बारे में बात कर रहे थे. उन्होंने कहा था कि दशहरा हमें एक खूबसूरत बात याद दिलाता है कि बुराई चाहे जितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में अंत सच्चाई और अच्छाई का ही होगा. सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनके बयान पर सवाल उठाए. चूंकि रणबीर इन दिनों भगवान राम की कहानी पर आधारित फिल्म 'रामायण' को लेकर चर्चा में हैं, इसलिए उनके इस बयान पर लोगों का ध्यान और ज्यादा गया और उनकी जमकर ट्रोलिंग की गई.

इससे पहले भी 'रामायण' की टीम से हुई थी गलती
'रामायण' की टीम से जुड़ी यह पहली ऐसी घटना नहीं है. इससे पहले फिल्म के निर्माता और वितरक दिल राजू भी एक कार्यक्रम में रणबीर कपूर का नाम गलत बोल गए थे. हैदराबाद में फिल्म के कार्यक्रम के दौरान दिल राजू अभिनेता की तारीफ कर रहे थे. इसी बीच उन्होंने रणबीर कपूर की जगह रणवीर सिंह का नाम ले लिया. हालांकि, उन्होंने तुरंत अपनी गलती सुधारी और रणबीर कपूर का सही नाम लिया.

5 नवंबर को रिलीज होगी 'रामायण'
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म में साई पल्लवी, रवि दुबे, विवेक ओबेरॉय, रकुल प्रीत सिंह, अनुपम खेर, फैसल मलिक और कुणाल कपूर सहित कई कलाकार भी हैं.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement