'ट्रॉमा कभी पूरी तरह खत्म नहीं होता', सुशांत सिंह राजपूत केस पर छलका रिया चक्रवर्ती का दर्द, बोलीं- ये शरीर में रह जाता है

रिया ने कहा, हमारे साथ जो हुआ, उसके बारे में हर कोई जानता है, हर कोई बात करता है और यह ठीक है. लेकिन जब आपकी निजी जिंदगी सार्वजनिक चर्चा का विषय बन जाए, तो उससे उबरना आसान नहीं होता.

Rhea Chakraborty, Sushant Singh Rajput
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 26 जून 2026,
  • अपडेटेड 3:32 PM IST

एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती ने एक बार फिर 2020 में आई अपनी जिंदगी की सबसे मुश्किल घड़ी को याद किया है. सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद रिया और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती लंबे समय तक विवादों में रहे. अब एक इंटरव्यू में रिया ने बताया कि इतने साल बीत जाने के बाद भी वो ट्रॉमा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि ट्रॉमा सिर्फ दिमाग में नहीं, बल्कि शरीर में भी रह जाता है और इससे उबरने की प्रक्रिया लगातार चलती रहती है.

'ट्रॉमा से पूरी तरह बाहर नहीं निकला जा सकता'
रिया हाल ही में नेहा धूपिया और अंगद बेदी के चैट शो 'डबल डेट' में अपने भाई शोविक चक्रवर्ती के साथ पहुंचीं. बातचीत के दौरान जब नेहा धूपिया ने उनसे पूछा कि क्या वह अब उस मुश्किल दौर से पूरी तरह बाहर आ चुकी हैं, तो रिया ने कहा, 'ट्रॉमा ऐसी चीज नहीं है जिससे आप पूरी तरह बाहर निकल जाएं. यह अगर दिमाग से चला भी जाए, तो शरीर में रह जाता है. थेरेपी और समय के साथ आप इसे संभालना सीखते हैं.' उन्होंने कहा कि हीलिंग कोई मंजिल नहीं, बल्कि एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है.

शोविक बोले- 4 से 5 साल लगे संभलने में
शोविक चक्रवर्ती ने भी उस दौर को याद करते हुए कहा कि उनकी जिंदगी दो हिस्सों में बंट गई है. उन्होंने बताया कि पहले वह पढ़ाई और करियर पर पूरा फोकस रखते थे और एक बड़े बिजनेस स्कूल में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे थे. लेकिन सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद सब कुछ बदल गया. शोविक ने कहा कि उस सदमे से बाहर आने में उन्हें करीब चार से पांच साल लगे. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि आज भी वह पोस्ट ट्रॉमेटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर (PTSD) से जूझ रहे हैं.

 

'हमारा दर्द पूरी दुनिया के सामने था'
रिया ने कहा कि उनकी स्थिति आम लोगों से अलग थी, क्योंकि जो कुछ भी हुआ वह पूरी दुनिया की नजरों के सामने हुआ. उन्होंने कहा कि निजी दर्द को सार्वजनिक रूप से जीना बेहद मुश्किल होता है.

रिया ने कहा, 'हमारे साथ जो हुआ, उसके बारे में हर कोई जानता है, हर कोई बात करता है और यह ठीक है. लेकिन जब आपकी निजी जिंदगी सार्वजनिक चर्चा का विषय बन जाए, तो उससे उबरना आसान नहीं होता.'

2020 में विवादों के केंद्र में थीं रिया
गौरतलब है कि जून 2020 में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद रिया चक्रवर्ती पर कई आरोप लगाए गए थे. सुशांत के परिवार की शिकायत के बाद मामले की जांच कई एजेंसियों ने की. इसी दौरान कथित ड्रग्स मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने रिया और उनके भाई शोविक को गिरफ्तार भी किया था. बाद में दोनों को जमानत मिल गई.
 

 

Read more!

RECOMMENDED