Rohit Shetty: अपराधियों ने बनाया रोहित शेट्टी को निशाना... चार राउंड फायरिंग की आवाज सुन कर दहल उठा पूरा टावर

कल रात रोहित शेट्टी के घर पर कुछ मनचलों ने फायरिंग की थी, हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है.

Gun Shots Fired Outside Rohit Shetty's House
gnttv.com
  • मुंबई ,
  • 01 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 7:11 AM IST

बॉलीवुड के 'सिंघम' और मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास पर बीती रात हुई फायरिंग की घटना ने पूरी मायानगरी को हिला कर रख दिया है. पर्दे पर अपराधियों को सबक सिखाने वाले शेट्टी के घर को असल जिंदगी में अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया. इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और उनके घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

आधी रात को गूंजा शेट्टी टावर
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच हुई. जुहू के पॉश इलाके में स्थित शेट्टी टावर में उस वक्त तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन अचानक गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. अपराधियों ने 1 या 2 नहीं बल्कि चार राउंड फायरिंग की, जिससे फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए.

हमलावर कितनी संख्या में थे और वे किस वाहन से आए थे, इसकी जानकारी अभी पूरी तरह सामने नहीं आ पाई है. हालांकि पुलिस का मानना है कि इस वारदात का मकसद साफ तौर पर दहशत फैलाना था. फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे.

मौके पर पहुंची पुलिस और क्राइम ब्रांच
घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और मुंबई क्राइम ब्रांच की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है. शेट्टी टावर और उसके आसपास की इमारतों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके.

फोरेंसिक जांच में जुटी टीम
फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल से गोलियों के खोखे और अन्य अहम सबूत इकट्ठा किए हैं. इन सबूतों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.

पुलिस कमिश्नर की पुष्टि
मुंबई पुलिस कमिश्नर देवन भारती ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि शेट्टी टावर पर फायरिंग हुई है और मामले की जांच मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच संयुक्त रूप से कर रही है. फिलहाल किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है.

इस वारदात के बाद फिल्म इंडस्ट्री और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है, वहीं पुलिस जल्द आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है.

 

(रिपोर्ट- एजाज)

ये भी पढ़ें 


 

Read more!

RECOMMENDED