Advertisement

सलीम खान को वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया, आज होगा ऑपरेशन, अस्पताल पहुंचे परिवार के सदस्य

एक्टर संजय दत्त भी सलीम खान से मिलने अस्पताल पहुंचे. वे करीब आधे घंटे तक अंदर रहे और बिना मीडिया से बातचीत किए निकल गए.

Salim Khan
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 18 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 10:10 AM IST
  • सलीम खान का परिवार अस्पताल में मौजूद
  • सलीम खान को वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया

दिग्गज स्क्रिप्ट राइटर सलीम खान की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मंगलवार सुबह मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया. 90 वर्षीय सलीम खान को घबराहट और हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था. बाद में जांच में दिमाग में खून का थक्का जमने और ब्लीडिंग की बात सामने आई. उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर ICU में रखा गया है और आज उनका ऑपरेशन किया जाएगा.

परिवार की तरफ से फिलहाल आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. अस्पताल प्रशासन सुबह 11 बजे परिवार की अनुमति के बाद मेडिकल बुलेटिन जारी करेगा.

सलीम खान का परिवार अस्पताल में मौजूद
सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही फिल्म इंडस्ट्री में चिंता की लहर दौड़ गई. उनके बेटे सलमान खान अपनी मां सलमा खान और हेलेन के साथ अस्पताल में मौजूद हैं. परिवार के अन्य सदस्य-अरबाज खान, अलवीरा खान, अर्पिता खान, आयुष शर्मा, अरहान खान, निर्वाण खान, अयान अग्निहोत्री और यूलिया वंतूर भी अस्पताल पहुंचे.

संजय दत्त ने की मुलाकात
एक्टर संजय दत्त भी सलीम खान से मिलने अस्पताल पहुंचे. वे करीब आधे घंटे तक अंदर रहे और बिना मीडिया से बातचीत किए निकल गए. संजय दत्त और सलमान खान के बीच लंबे समय से निजी और पेशेवर संबंध रहे हैं. दोनों ने साथ में 'साजन', 'चल मेरे भाई' और 'ये है जलवा' जैसी फिल्मों में काम किया है.

सलीम-जावेद की जोड़ी ने बदला बॉलीवुड का दौर
सलीम खान हिंदी सिनेमा के सबसे प्रभावशाली लेखकों में गिने जाते हैं. जावेद अख्तर के साथ उनकी जोड़ी 'सलीम-जावेद' के नाम से मशहूर हुई. इस जोड़ी ने 70 और 80 के दशक में बॉलीवुड को नई दिशा दी. शोले, जंजीर, दीवार और त्रिशूल जैसी फिल्मों की पटकथा लिखकर उन्होंने 'एंग्री यंग मैन' की छवि को लोकप्रिय बनाया. उनकी कहानियों और संवादों ने अमिताभ बच्चन के करियर को नई ऊंचाई दी और हिंदी सिनेमा में एक नए दौर की शुरुआत की.

सुबह 11 बजे आएगा आधिकारिक अपडेट
फिलहाल सलीम खान ICU में डॉक्टरों की निगरानी में हैं. अस्पताल के बाहर मीडिया और प्रशंसकों की भीड़ जुटी है. परिवार ने अपील की है कि आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन का इंतजार किया जाए.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement