टेलीविजन इंडस्ट्री से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. टीवी एक्ट्रेस संछिता उगले का 30 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. खबरों की मानें तो उन्होंने सुसाइड कर लिया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, संछिता पिछले कुछ महीनों से फिल्म इंडस्ट्री में काम न मिलने के कारण डिप्रेशन से जूझ रही थीं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
बहन बाहर गई और पीछे से लगा ली फांसी
जानकारी के मुताबिक, संछिता आचोले गांव स्थित अपने घर में माता-पिता और 15 साल की छोटी बहन अंजली के साथ रहती थीं. रविवार शाम करीब 5:30 बजे उनकी छोटी बहन किसी काम से घर से बाहर गई थी. उस वक्त घर में कोई और नहीं था. इसी बीच संचिता ने अपने बेडरूम में सीलिंग फैन से साड़ी का फंदा बनाया और उस पर लटक गईं.
अस्पताल ले जाने से पहले हो चुकी थी मौत
जब बहन अंजली घर लौटी, तो उसने संचिता को फंदे पर लटका पाया. आनन-फानन में उन्हें वसई-विरार महानगरपालिका के तुळींज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा.
पुलिस के मुताबिक फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या की सटीक वजह साफ हो सके. आचोले पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज किया है. डिप्रेशन और काम न मिलने के एंगल सहित सभी पहलुओं से मामले की बारीकी से जांच की जा रही है.
टीवी शोज से बनाई पहचान
संछिता उगले को सबसे ज्यादा पहचान लोकप्रिय शो 'कुमकुम भाग्य' में दिया टंडन के किरदार से मिली. इस शो में काम करने के अनुभव को उन्होंने अपने करियर का टर्निंग पॉइंट बताया था, जिसने उन्हें पहचान और आत्मविश्वास दोनों दिया.
इसके अलावा उन्होंने 'वागले की दुनिया' में रुचिता जेटली का किरदार निभाया था. बाद में वह दंगल टीवी के शो 'दिलवाली दुल्हा ले जाएगी' में लीड रोल में नजर आईं, जिसमें उन्होंने सुखून का किरदार निभाया.
फिल्मों और ओटीटी प्रोजेक्ट्स में भी किया काम
संछिता ने फिल्मों और ओटीटी प्रोजेक्ट्स में भी काम किया. उन्होंने विक्की कौशल स्टारर फिल्म 'छावा' में तारा रानी का किरदार निभाया था. इसके अलावा वह मनोज बाजपेयी की फिल्म 'Silence 2: The Night Owl Bar Shootout' में भी नजर आई थीं.
सोशल मीडिया पोस्ट्स से बढ़ी हैरानी
उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद फैंस और इंडस्ट्री में हैरानी है. बताया जा रहा है कि हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट्स में वह काफी खुश और एक्टिव नजर आ रही थीं, जिससे यह खबर और भी चौंकाने वाली बन गई है.
पहले भी उठाई थीं मानसिक दबाव की बातें
मई 2025 में संछिता ने इन्फ्लुएंसर मीशा अग्रवाल की मौत पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया प्रेशर और मानसिक तनाव को लेकर चिंता जताई थी. उन्होंने कहा था कि आज के समय में युवा अपनी जिंदगी को लेकर बेहद संवेदनशील हो रहे हैं. इसके अलावा उन्होंने अपने करियर के संघर्षों पर भी खुलकर बात की थी. एक शो में लीड रोल से हटाए जाने के अनुभव को उन्होंने भावनात्मक रूप से कठिन बताया था, लेकिन साथ ही इसे सीख और आगे बढ़ने की प्रेरणा भी बताया था.