एक हालिया इंटरव्यू में अभिनेता सुनील शेट्टी ने खुलकर बताया कि उन्होंने तंबाकू प्रोडक्ट के विज्ञापन के लिए मिले 40 करोड़ रुपये के भारी-भरकम ऑफर को ठुकरा दिया था. सुनील शेट्टी के मुताबिक, उनके लिए पैसों से कहीं ज्यादा अहम उनके संस्कार, ईमानदारी और परिवार की छवि है. अभिनेता ने साफ शब्दों में कहा कि कुछ करोड़ रुपये के लिए वह अपने आदर्शों से कभी समझौता नहीं कर सकते.
बच्चों की छवि से कोई समझौता नहीं
सुनील शेट्टी ने बातचीत में बताया कि जब उन्हें यह ऑफर मिला तो उन्होंने सामने वाले से सीधा सवाल किया कि क्या उन्हें लगता है कि वह पैसों के लालच में आ जाएंगे. अभिनेता ने कहा कि वह ऐसा कोई काम नहीं करेंगे जिससे उनके बच्चों अहान शेट्टी और अथिया शेट्टी की छवि पर असर पड़े. उनके अनुसार, एक पिता के रूप में उनकी जिम्मेदारी है कि वह अपने बच्चों के लिए सही उदाहरण पेश करें.
अभिनेता ने यह भी बताया कि तंबाकू विज्ञापन ठुकराने के बाद अब कोई उनके पास ऐसे प्रस्ताव लेकर आने की हिम्मत तक नहीं करता. सुनील शेट्टी का मानना है कि इंडस्ट्री में उनकी एक साफ छवि बन चुकी है, जहां लोग जानते हैं कि वह अपने सिद्धांतों के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे, चाहे रकम कितनी भी बड़ी क्यों न हो.
पिता की बीमारी ने बदला जीवन
सुनील शेट्टी ने अपने करियर के उस दौर पर भी बात की, जब वह फिल्मों से लगभग दूर हो गए थे. उन्होंने बताया कि 2014 से उनके पिता गंभीर रूप से बीमार थे और 2017 में उनके निधन के बाद वह मानसिक रूप से टूट गए थे. इस दौरान उन्होंने पूरी तरह से काम छोड़ दिया और परिवार को प्राथमिकता दी. अभिनेता ने स्वीकार किया कि उस समय उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. हालांकि करीब 6 से 7 साल के लंबे ब्रेक के बाद फिल्म इंडस्ट्री में वापसी करना सुनील शेट्टी के लिए आसान नहीं था. उन्होंने माना कि बदलते दौर और नई पीढ़ी के साथ तालमेल बैठाना चुनौती पूर्ण रहा, लेकिन अनुभव और धैर्य ने उन्हें दोबारा मजबूत बनाया.
'वेलकम टू द जंगल' में दिखेंगे सुनील
अब सुनील शेट्टी एक बार फिर बड़े पर्दे पर सक्रिय नजर आ रहे हैं. वह जल्द ही फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' में दिखाई देंगे, जिसे लेकर उनके फैंस काफी उत्साहित हैं. फिल्म में उनका अंदाज और अनुभव दर्शकों के लिए खास होने वाला है.
ये भी पढ़ें
ये भी देखें