मौनी रॉय और उनके पति सूरज नांबियार के तलाक को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें चल रही थीं. अब सूरज नांबियार ने खुद सामने आकर इन अफवाहों पर जवाब दिया है.
सूरज बोले- सारी खबरें झूठी और दुर्भावनापूर्ण
सूरज ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि उनके और मौनी के अलग होने को लेकर जो खबरें फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह बेबुनियाद हैं. उन्होंने साफ कहा कि उनके बीच न कोई विवाद है, न एलिमनी का मामला और न ही किसी तीसरे शख्स की वजह से रिश्ता टूटा है.
उन्होंने लिखा, मौनी और मैंने आपसी सम्मान और समझदारी के साथ अलग होने का फैसला लिया है. बाकी जो भी बातें कही जा रही हैं, वे सिर्फ अफवाह हैं.
दो लोगों को बदनाम करने की कोशिश हो रही
सूरज ने आगे कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया पर ऐसी कहानियां बनाई जा रही हैं, जिनका सच से कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर उनकी निजी जिंदगी को गलत तरीके से पेश कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि किसी तीसरे व्यक्ति या दोस्तों को इस मामले में घसीटना गलत है.
हमने गरिमा बनाए रखी, वही उम्मीद दूसरों से भी
सूरज ने पोस्ट में लिखा कि इस मुश्किल दौर में उन्होंने और मौनी ने हमेशा गरिमा बनाए रखी है और वे उम्मीद करते हैं कि लोग और मीडिया भी उनकी प्राइवेसी का सम्मान करेंगे.
इंस्टाग्राम अनफॉलो करने के बाद शुरू हुई थीं चर्चाएं
कुछ दिन पहले फैंस ने नोटिस किया था कि मौनी और सूरज ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है. इसके बाद दोनों के रिश्ते में अनबन की खबरें सामने आने लगी थीं.
बाद में दोनों ने एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी कर अलग होने की पुष्टि की थी और लोगों से प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की थी.
मुंबई एयरपोर्ट पर दिखीं मौनी
सोमवार सुबह मौनी रॉय को मुंबई एयरपोर्ट पर देखा गया. इस दौरान वह जल्दी में नजर आईं और पैपराजी से बातचीत किए बिना सीधे अंदर चली गईं.