'पद्मावत' में जौहर सीन को लेकर की गई एक्ट्रेस स्वरा भास्कर की टिप्पणी पर विवाद बढ़ता जा रहा है. उनके बयान के विरोध में बुधवार को आगरा में प्रदर्शन किया गया. योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर अजय तोमर के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान स्वरा भास्कर के पोस्टर जलाए और उन्हें पैरों से रौंदा गया. प्रदर्शन के दौरान तोमर ने स्वरा की जीभ काटने वाले को 1.5 लाख रुपए इनाम देने की बात भी कही. उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है.
जौहर पर सवाल उठाने से नाराज प्रदर्शनकारी
कुंवर अजय तोमर ने स्वरा भास्कर पर रानी पद्मावती और जौहर करने वाली राजपूत महिलाओं के साहस और बलिदान पर सवाल उठाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि अभिनेत्री को उस दौर की ऐतिहासिक परिस्थितियों की पूरी जानकारी नहीं है. प्रदर्शन के दौरान उन्होंने स्वरा के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया.
दिल्ली के कार्यक्रम में दिया था बयान
यह विवाद 31 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में हुए Woman, Life, Freedom कार्यक्रम से शुरू हुआ. यहां स्वरा भास्कर ने फिल्म 'पद्मावत' में दिखाए गए जौहर के सीन पर सवाल उठाया था. उनका कहना था कि 'जब मैं फिल्म का सीन देख रही थी जिसमें सभी 800 महिलाएं जौहर करती हैं तो मैंने सोचा कि यार ईश्वर ना करे लेकिन अगर मैं रेप सर्वाइवर होती तो ये फिल्म आख़िर मुझे क्या संदेश दे रही है? मैं कायर जैसा महसूस करती कि मैंने खुद की इज्जत बचाने के लिए अपनी जान नहीं ली.
स्वरा ने दी सफाई- रानी पद्मावती को कायर नहीं कहा
विवाद बढ़ने के बाद स्वरा भास्कर ने सोशल मीडिया पर सफाई दी. उन्होंने कहा कि उन्होंने रानी पद्मावती या जौहर करने वाली महिलाओं को कायर नहीं कहा था. उनका सवाल सिर्फ इतना था कि यौन हिंसा से बचने वाली महिलाओं को कभी यह महसूस नहीं होना चाहिए कि जिंदा बच जाना उन्हें कम बहादुर बनाता है.
प्रियंका चतुर्वेदी और कंगना भी आईं चर्चा में
इस मुद्दे पर स्वरा भास्कर और शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी के बीच सोशल मीडिया पर बहस भी हुई. दोनों के बीच जौहर, महिलाओं की पसंद और इसके महिमामंडन को लेकर अलग-अलग राय सामने आई. वहीं स्वरा की को-स्टार और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने भी उनके बयान पर प्रतिक्रिया दी.
ये भी पढ़ें