Brahmastra Movie Ticket: सस्ता हुआ ब्रह्मास्त्र का टिकट, इन चार दिन 100 रुपए में देख सकते हैं फिल्म

नेशनल सिनेमा डे के बाद अब फिर से ब्रह्मास्त्र के टिकट सस्ते हुए हैं. दरअसल नवरात्र के पहले चार दिन के लिए फिल्म के निर्माताओं ने फिल्म का टिकट केवल 100 रुपए देने का फैसला लिया है. हालांकि टिकट पर जीएसटी भी लगेगा, जिसके बाद टिकट की कीमत 112 रुपए होगी.

ब्रह्मास्त्र
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 26 सितंबर 2022,
  • अपडेटेड 11:55 AM IST
  • अयान मुखर्जी ने किया खुलासा
  • टिकट पर जीएसटी भी लागू होगा

नेशनल सिनेमा डे के मौके पर सभी मूवी के टिकट 75 रुपए में मिल रहे थे. उसके बाद ब्रह्मास्त्र ने शानदार प्रदर्शन किया था. इस प्रदर्शन के बाद, "ब्रह्मास्त्र पार्ट वन: शिवा" के निर्माताओं ने एक बार फिर से नवरात्रि के पहले चार दिनों में टिकट को सस्ता करने का मन बनाया है. यानी नवरात्रि के पहले चार दिन आपको ब्रह्मास्त्र का टिकट केवल 100 रुपए में मिलेगी. नवरात्रि के जश्न को देखते हुए फिल्म के टिकट 26-29 सितंबर तक 100 रुपये में बेचे जाएंगे.

अयान मुखर्जी ने किया खुलासा
निर्देशक अयान मुखर्जी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी इसको लेकर एक्साइटमेंट दिखाई है. उन्होंने लिखा, "नवरात्रि ब्रह्मास्त्र स्पेशल ऑफर को लेकर काफी उत्साहित हूं! राष्ट्रीय सिनेमा दिवस ने हमें सही टिकट मूल्य खोजना सिखाया है. ताकि ज्यादा से ज्यादा दर्शक बड़े पर्दे पर फिल्म के अनुभव का आनंद ले सकें! ये कुछ ऐसा है जिसके बारे में हम अविश्वसनीय रूप से भावुक हैं!" उन्होंने कहा, "हमेशा सीखने और नई चीजों को आजमाने के दृष्टिकोण के साथ, हम आशा करते हैं कि यह योजना हम सभी के लिए कुछ दिलचस्प सकारात्मक सीख लेकर आएगी... और हम आशा करते हैं कि हमारे दर्शक इस सप्ताह ब्रह्मास्त्र का आनंद लेना जारी रखेंगे, क्योंकि हम कल से नवरात्रि समारोह की शुरुआत कर रहे हैं."

टिकट पर जीएसटी भी लागू होगा
इससे पहले ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने भी सस्ती मूवी टिकट के बारे में बात करते हुए कहा था कि, "ब्रह्मास्त्र के टिकटों की कीमत सोमवार से गुरुवार तक महज 100 रुपए होगी. नेशनल सिनेमा डे 2022 को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद नवरात्रि  26 सितंबर से 29 सितंबर तक फिल्म के टिकट के लिए केवल 100 रुपए देने होंगे." हालांकि टिकट में जीएसटी चुकाना होगा. ऐसे में टिकट की कीमत 112 रुपए होगी. गौरतलब है कि फिल्म की कमाई में नेशनल सिनेमा डे के दिन 240 फीसदी का उछाल आया था. देश के ज्यादातर सिनेमाघरों में ब्रह्मास्त्र के 2D, 3D, Imax 3D  की ऑक्यूपेंसी रेट 85 फीसदी से अधिक रही थी."

ब्रह्मास्त्र की कमाई
खबरों की मानें तो राष्ट्रीय सिनेमा दिवस पर, फिल्म ने सभी भाषाओं में 10.80 रुपए करोड़ की कमाई की और गुरुवार को 3.2 करोड़ रुपए की कमाई कर करीब 15 लाख टिकट बेचे. बॉक्स ऑफिस इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रह्मास्त्र ने हिंदी भाषा में 8.50 करोड़ की कमाई की है. 

विदेशों में भी की कमाई
इसके अलावा, ब्रह्मास्त्र ने दो सप्ताह में 1.56 मिलियन डॉलर कमाने के बाद ऑस्ट्रेलिया में बॉक्स ऑफिस पर टॉप पर पहुंचने वाली पहली भारतीय फिल्म बनी. इसने जॉर्ज मिलर की थ्री थाउजेंड इयर्स ऑफ लॉन्गिंग और हॉलीवुड रोमांस एवर आफ्टर हैप्पी से बेहतर प्रदर्शन किया. सुपरहीरो ट्रायोलॉजी की पहली फिल्म ने दर्शकों को ज्यादातर ऑस्ट्रेलिया के भारतीय और अन्य दक्षिण एशियाई समुदायों से आकर्षित किया.

बता दें कि ब्रह्मास्त्र तीन पार्ट में रिलीज होने वाली है. पहले पार्ट में शिवा के बाद अब दूसरे पार्ट का नाम देव होगा. देव साल 2025 में रिलीज होगी. डायरेक्टर अयान मुखर्जी ने कहा है कि वह जल्द ही दूसरे पार्ट की शूटिंग शुरू करने वाले हैं. पहले पार्ट में जहां शिवा और ईशा की कहानी है, वहीं दूसरे पार्ट में देव और अमृता की कहानी होगी.

 

Read more!

RECOMMENDED