73वें मिस वर्ल्ड 2026 का खिताब इस बार डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोल डोमिंग्वेज ने अपने नाम किया है. वियतनाम में आयोजित हुए फिनाले में उन्होंने 111 प्रतियोगियों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए मिस वर्ल्ड का ताज हासिल किया. जोहेरी को पिछली मिस वर्ल्ड ओपल सुचाता चुआंगश्री ने ताज पहनाया. वहीं स्पेन की एलिजाबेथ रेयनेस फर्स्ट रनर-अप और मलेशिया की तानुसिया चेट्टी सेकेंड रनर-अप रहीं. हालांकि भारत का प्रतिनिधित्व करती निकिता पोरवाल कम्पटीशन से बाहर हो गईं और टॉप 5 में भी अपनी जगह बनाने में पीछे रहीं.
आखिर किस जवाब ने दिलाया मिस वर्ल्ड का ताज?
मिस वर्ल्ड के फिनाले में जोहेरी से आखिरी सवाल 'ब्यूटी विद अ पर्पस' को लेकर पूछा गया. उनसे जानना चाहा गया कि वह अपने देश में किस पहल पर काम कर रही हैं और मिस वर्ल्ड बनने के बाद इस काम को किस तरह आगे बढ़ाएंगी. जोहेरी ने बताया कि उनका 'ब्यूटी विद अ पर्पस' प्रोजेक्ट कम सुविधाओं वाले समुदायों में रहने वाले बच्चों को अंग्रेजी की शिक्षा देने से जुड़ा है. उनका कहना था कि अंग्रेजी सीखने से बच्चों के लिए आगे बढ़ने के नए रास्ते खुल सकते हैं. साथ ही इससे उनके सामने कई नए अवसर भी आ सकते हैं.
बच्चों के लिए अंग्रेजी शिक्षा पर कर रही हैं काम
जोहेरी के मुताबिक, अंग्रेजी सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं है. यह बच्चों को अपनी बात, भावनाएं और अपने उद्देश्य को दुनिया के सामने रखने में भी मदद कर सकती है. उन्होंने कहा कि वह इस पहल को आगे भी अपने दिल के करीब रखेंगी. उनकी कोशिश बच्चों को ऐसी चीज देने की है, जिसका फायदा उन्हें पूरी जिंदगी मिल सके. फिनाले में उनका यही जवाब उनकी सोच और सामाजिक काम से जुड़ी प्रतिबद्धता को सामने लेकर आया.
पढ़ाई के साथ कई क्षेत्रों में कर चुकी हैं काम
जोहेरी मोल डोमिंग्वेज ने यूनिवर्सिडाड इबेरोअमेरिकाना से बिजनेस मैनेजमेंट और एडमिनिस्ट्रेशन की पढ़ाई की है. वह 'वॉयस ऑफ टुमॉरो' की फाउंडर और प्रेसिडेंट भी हैं. इस पहल के तहत वह जरूरतमंद बच्चों और युवाओं को अंग्रेजी सिखाने का काम करती हैं. वह खुद इंग्लिश लिटरेचर और सोशल स्टडीज पढ़ाती हैं. इसके अलावा जोहेरी टीवी रिपोर्टर और प्रोफेशनल मॉडल के तौर पर भी काम कर चुकी हैं.
जोहेरी मोल डोमिंग्वेज की मिस वर्ल्ड 2026 की जीत में उनकी खूबसूरती के साथ उनकी सोच भी खास रही. बच्चों को अंग्रेजी शिक्षा से जोड़ने का उनका काम उनके 'ब्यूटी विद अ पर्पस' प्रोजेक्ट का हिस्सा है. यही वजह है कि मिस वर्ल्ड का ताज जीतने के साथ जोहेरी की सामाजिक पहल भी चर्चा में है. उन्होंने सौंदर्य प्रतियोगिता के मंच पर अपनी खूबसूरती के साथ उस काम को भी सामने रखा, जिसे वह बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए कर रही हैं.
44 लाल बाद डोमिनिकन रिपब्लिक के नाम दूसरी बार मिस वर्ल्ड का खिताब
जोहेरी की जीत डोमिनिकन रिपब्लिक के लिए भी खास है. उनके मिस वर्ल्ड बनने के साथ ही इस देश ने दूसरी बार यह खिताब जीता है. इससे पहले 1982 में मारियासेला अल्वारेज डोमिनिकन रिपब्लिक के लिए मिस वर्ल्ड का ताज जीत चुकी हैं. अब 2026 में जोहेरी ने यह खिताब अपने नाम करके एक बार फिर डोमिनिकन रिपब्लिक का नाम इस अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता में आगे किया है.
भारत की निकिता पोरवाल टॉप 20 में नहीं बना सकीं जगह
भारत की ओर से फेमिना मिस इंडिया की विजेता निकिता पोरवाल ने प्रतियोगिता में मजबूत शुरुआत की थी. उन्होंने टॉप मॉडल राउंड में बेहतर प्रदर्शन करते हुए शीर्ष 40 में स्थान पक्का किया था, हालांकि वह टॉप 20 के अगले चरण में प्रवेश करने से चूक गईं.
ये भी पढ़ें