नेटफ्लिक्स पर A Good Girl Guide to Murder का दूसरा सीजन रिलीज हो चुका है. इसके साथ ही दर्शकों के बीच पहले सीजन की कहानी और खासकर एंडी बेल मर्डर केस का रहस्य एक बार फिर चर्चा में है. छह एपिसोड की इस मर्डर मिस्ट्री सीरीज ने अपने आखिरी एपिसोड तक दर्शकों को उलझाए रखा था. शुरुआत में जिस शख्स को हत्यारा माना गया, आखिर में कहानी पूरी तरह पलट गई और असली सच कुछ और ही निकला.
क्या था एंडी बेल मर्डर केस?
कहानी एक छोटे से शहर की हाईस्कूल छात्रा एंडी बेल के इर्द-गिर्द घूमती है. एंडी अचानक लापता हो जाती है और बाद में उसे मृत मान लिया जाता है. पुलिस जांच में उसका बॉयफ्रेंड साल सिंह मुख्य आरोपी बनता है. मामले को और मजबूत बनाने के लिए साल के फोन से एक कथित कबूलनामा भी मिलता है. इसके कुछ समय बाद साल की भी मौत हो जाती है. पूरे शहर को यकीन हो जाता है कि एंडी की हत्या साल ने ही की थी और अपराधबोध में उसने अपनी जान ले ली. लेकिन कहानी में असली मोड़ यहीं से शुरू होता है.
पांच साल बाद एक छात्रा ने खोली पुरानी फाइल
सीरीज की मुख्य किरदार पिप फिट्ज-अमोबी है, जिसे दर्शक पिप के नाम से जानते हैं. पिप को शुरू से लगता है कि साल सिंह निर्दोष था. स्कूल प्रोजेक्ट के बहाने वह पांच साल पुराने केस की दोबारा जांच शुरू करती है. जैसे-जैसे पिप सबूत जुटाती है, उसे पता चलता है कि इस केस में कई लोग कुछ न कुछ छिपा रहे हैं. शहर के सम्मानित लोगों से लेकर एंडी के करीबियों तक, हर किसी के पास कोई न कोई राज है.
जांच में सामने आया प्रोफेसर इलियट वार्ड का नाम
सीजन के आखिरी एपिसोड तक पहुंचते-पहुंचते शक की सुई इंग्लिश प्रोफेसर इलियट वार्ड पर जाकर टिक जाती है. पिप को पता चलता है कि एंडी को सिर पर जो गंभीर चोट लगी थी, उसके पीछे इलियट वार्ड का हाथ था. दर्शकों को लगने लगता है कि यही असली हत्यारा है और मामला सुलझ गया है. लेकिन मेकर्स ने अंतिम मोड़ के लिए सबसे बड़ा रहस्य बचाकर रखा था.
एंडी की मौत की जिम्मेदार निकली उसकी अपनी बहन
फिनाले में खुलासा होता है कि एंडी की मौत के पीछे उसकी छोटी बहन बेका बेल थी. बेका के साथ मैक्स हेस्टिंग्स नामक युवक ने यौन शोषण किया था. बेका इस घटना की शिकायत करना चाहती थी और उसने अपनी बहन एंडी को सब कुछ बताया. लेकिन एंडी ने उसे शिकायत करने से रोका, क्योंकि जिस ड्रग का इस्तेमाल मैक्स ने किया था, उसे एंडी ने ही उपलब्ध कराया था. इसी बात को लेकर दोनों बहनों के बीच तीखी बहस हुई. बहस के दौरान बेका ने एंडी को धक्का दे दिया. एंडी गिरकर सिर के बल लगी और उसकी हालत गंभीर हो गई. वह सांस लेने के लिए संघर्ष कर रही थी, लेकिन बेका ने उसकी मदद नहीं की. इसी वजह से एंडी की मौत हो गई. बाद में पिप की जांच के दौरान यह राज सामने आया और साल सिंह पर लगा हत्या का आरोप भी गलत साबित हो गया.
किताब और सीरीज की कहानी में बड़ा अंतर
A Good Girl’s Guide to Murder मशहूर लेखिका हॉली जैक्सन के बेस्टसेलर उपन्यास पर आधारित है. हालांकि टीवी सीरीज में मेकर्स ने कहानी के अंत में बड़ा बदलाव किया है. उपन्यास में एंडी की हत्या का जिम्मेदार मैक्स हेस्टिंग्स को बताया गया था. वहीं टीवी रूपांतरण में बेका बेल को सीधे तौर पर मौत का कारण दिखाया गया. इस बदलाव ने उन दर्शकों को भी चौंका दिया जिन्होंने पहले किताब पढ़ रखी थी.
सीजन-2 से पहले क्यों जरूरी है यह रिकैप?
अब नेटफ्लिक्स पर Good Girl, Bad Blood पर आधारित दूसरा सीजन रिलीज हो चुका है. नए सीजन में पिप एक और रहस्यमय मामले की जांच करती नजर आएगी. ऐसे में पहले सीजन का यह ट्विस्ट याद रखना जरूरी है, क्योंकि पूरी कहानी की नींव इसी बात पर टिकी है कि जिस साल सिंह को शहर हत्यारा मानता था, वह निर्दोष था और एंडी बेल की मौत का सच बिल्कुल अलग निकला.
ये भी पढ़ें