अंतिम संस्कार से पहले जिंदा हो गई 65 साल की बुजुर्ग महिला, अस्पताल में चल रहा इलाज

राजस्थान के अलवर में 65 साल की एक बुजुर्ग महिला मृत्यु हो गई. इसके बाद महिला के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी. नाते-रिश्तेदार आ चुके थे. लोग अंतिम दर्शन कर रहे थे. तभी डेड बॉडी में हरकत हुई. आनन-फानन में महिला को अस्पताल ले जाया गया. अब महिला आईसीयू में भर्ती है और उसकी हालत में सुधार हो रहा है.

Alwar News
gnttv.com
  • अलवर,
  • 08 मई 2026,
  • अपडेटेड 3:45 PM IST

राजस्थान के अलवर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. डॉक्टरों ने एक बुजुर्ग महिला को मृत घोषित कर दिया था. अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी. नाते-रिश्तेदार जुट गए थे. तभी अचानक महिला जिंदा हो गई. डेड बॉडी में हलचल होने लगी. आनन-फानन में महिला को अस्पताल ले जाया गया. अब महिला की हालत में सुधार है.

डॉक्टरों ने माना मृत, फिर जिंदा हो गई महिला-
ये मामला अजबगढ़ के पास के रामजी का ग्वाडा गांव का है, जहां डॉक्टरों ने 65 साल की बुजुर्ग महिला चमेली देवी को मृत घोषित कर दिया. परिजनों और ग्रामीणों में मातम परस गया. रिश्तेदारों को सूचना दे दी गई और सुबह अंतिम संस्कार की तैयारियां भी शुरू हो गई. लेकिन अंतिम दर्शन से ठीक पहले महिला के शरीर में हलचल होने लगी. यह देखकर घर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई.

महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया-
परिजन तुरंत महिला को दौसा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें ICU में भर्ती कर लिया और इलाज शुरू कर दिया. धीरे-धीरे महिला की तबीयत में सुधार होने लगा. अब महिला की हालत में काफी सुधार बताया जा रहा है.

महिला को मान लिया गया था मृत-
महिला के पुत्र बाबूलाल मीणा ने बताया कि मंगलवार रात अचानक उनकी मां की तबीयत बिगड़ गई थी. कुछ देर बाद शरीर में कोई हरकत नहीं हो रही थी और सांसें इतनी धीमी पड़ गईं कि सभी ने उन्हें मृत मान लिया. इसके बाद उन्हें चारपाई से उतारकर जमीन पर लिटा दिया गया और रिश्तेदारों को सूचना भेज दी गई. रातभर गांव में शोक का माहौल बना रहा. सुबह जब अंतिम यात्रा की तैयारियां चल रही थीं और लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने लगे, तभी महिला के पैरों में हल्की हरकत दिखाई दी. पहले किसी को विश्वास नहीं हुआ, लेकिन दोबारा शरीर में मूवमेंट होने पर परिजनों के होश उड़ गए. आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया.

महिला की सांसें धीमी हो गई थी- डॉक्टर
दौसा जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. आर.के. मीणा ने बताया कि महिला की सांसें बेहद धीमी हो गई थीं, जिसके कारण उन्हें मृत समझ लिया गया. अस्पताल में सीटी स्कैन सहित अन्य जांच करवाई गई हैं. सीटी स्कैन रिपोर्ट सामान्य आई है, लेकिन ब्लड में संक्रमण की शिकायत सामने आई है. महिला को ICU में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है और उनकी हालत पहले से बेहतर है. डॉक्टरों के अनुसार अब महिला चल-फिर भी रही है. 

परिजनों ने बताया कि चमेली देवी को पहले से सांस संबंधी तकलीफ थी. उन्हें 2 अप्रैल 2026 को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया था और 3 मई को छुट्टी मिली थी. इसके बाद 4 मई की रात अचानक तबीयत बिगड़ गई. परिवार का कहना है कि यह किसी चमत्कार से कम नहीं है. 

(हिमांशु शर्मा की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED