छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले की लोरमी तहसील के रहने वाले अंशुल शर्मा ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे छत्तीसगढ़ में पहला स्थान हासिल किया है. अंशुल ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि जिले और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. उनकी इस बड़ी उपलब्धि से लोरमी क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है और हर तरफ उनके नाम की चर्चा हो रही है.
परिवार और स्कूल में जश्न का माहौल
अंशुल लोरमी के परीक्षा का परिणाम जैसे ही घोषित हुआ, उनके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया. परिवार के सदस्य, रिश्तेदार, शिक्षक और आसपास के लोग लगातार उनके घर पहुंच रहे हैं. मिठाइयां बांटी जा रही हैं और अंशुल को शुभकामनाएं दी जा रही हैं. स्कूल में भी इस सफलता को लेकर जश्न का माहौल है. शिक्षकों ने इसे स्कूल के लिए गर्व का पल बताया है.
उप मुख्यमंत्री ने फोन कर दी बधाई
अंशुल की सफलता की गूंज राज्य स्तर तक पहुंची. छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी फोन कर अंशुल को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. यह अंशुल और उनके परिवार के लिए बेहद गर्व का क्षण रहा. इतनी कम उम्र में पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल करना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
इंजीनियर बनने का सपना
अपनी सफलता पर अंशुल ने कहा कि वह आगे गणित विषय लेकर पढ़ाई करना चाहते हैं. उनका सपना है कि भविष्य में इंडियन इंस्टीट्यूट्स ऑफ टेक्नोलॉजी में प्रवेश लेकर इंजीनियर बनें. उन्होंने बताया कि वह अपने लक्ष्य को लेकर पूरी तरह स्पष्ट हैं और आगे भी उसी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई जारी रखेंगे.
माता-पिता बने सफलता की सबसे बड़ी ताकत
अंशुल शर्मा ने अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय सबसे पहले अपने माता-पिता को दिया. उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने हर समय उनका हौसला बढ़ाया, पढ़ाई के लिए अच्छा माहौल दिया और लगातार प्रेरित किया. अंशुल ने कहा कि अगर परिवार का साथ न मिलता तो यह मुकाम हासिल करना आसान नहीं होता.
अंशुल ने बताया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने रोजाना नियमित रूप से 5 से 6 घंटे पढ़ाई की. समयबद्ध तैयारी, अनुशासन और लगातार मेहनत ही उनकी सफलता की असली कुंजी रही. उनकी यह उपलब्धि अब दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बन गई है और यह साबित करती है कि मेहनत और सही दिशा में की गई तैयारी से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.
(रिपोर्ट- धीरेंद्र विश्वकर्मा)
ये भी पढ़ें