नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान सेवाओं का इंतजार अब खत्म होने वाला है. एयरपोर्ट प्रशासन ने 15 जून से पहली विमान सेवा शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है. खास बात यह है कि आज से ही यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग की सुविधा शुरू की जा सकती है. पहली फ्लाइट लखनऊ से नोएडा पहुंचेगी और इसके बाद यही विमान बेंगलुरु के लिए रवाना होगा. एयरपोर्ट संचालन से जुड़े अधिकारियों के अनुसार जल्द ही यह भी स्पष्ट कर दिया जाएगा कि यात्री किन-किन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए टिकट बुक कर सकेंगे.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहचान डीएक्सएन कोड से होगी. ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म पर यह कोड पिछले कई महीनों से दिखाई दे रहा है. माना जा रहा है कि मेक माय ट्रिप समेत अन्य बड़े टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म पर भी जल्द टिकट उपलब्ध हो जाएंगे. एयरपोर्ट के शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
पहले चरण में तैयार हुआ एयरपोर्ट
एयरपोर्ट का निर्माण पहले चरण में 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में किया गया है. इसमें 3900 मीटर लंबा रनवे, अत्याधुनिक टर्मिनल भवन, एटीसी टॉवर और करीब 30 एकड़ में विकसित कार्गो हब शामिल है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को एयरपोर्ट का लोकार्पण किया था. इसके बाद से यहां घरेलू और कार्गो उड़ानों की तैयारियां तेज कर दी गई थीं.
इंडिगो करेगी शुरुआत, जल्द जुड़ेंगी अन्य एयरलाइंस
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड, यापल के अनुसार नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो . बकास से एयरोड्रम सिक्योरिटी प्रोग्राम को मंजूरी मिलने के बाद 15 जून से उड़ान संचालन की आधिकारिक तारीख तय की गई है. शुरुआत में इंडिगो एयरलाइंस अपनी सेवाएं देगी. इसके बाद अकासा एयर और एयर इंडिया भी यहां से उड़ानें शुरू करेगी. हाल ही में यापल की बोर्ड बैठक में 17 शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा गया था.
रिपोर्टर: अरुण त्यागी
ये भी पढ़ें: