सहारनपुर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को राहत देने के लिए पुलिस विभाग ने हाईटेक एसी हेलमेट उपलब्ध कराए हैं. तेज धूप और बढ़ते तापमान में घंटों सड़क पर खड़े होकर ड्यूटी करने वाले जवानों को अब इस नई तकनीक से काफी राहत मिलने की उम्मीद है. फिलहाल ट्रायल के तौर पर 50 एसी हेलमेट ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को दिए गए हैं, जबकि जिले में करीब 150 ट्रैफिक कर्मी तैनात हैं.
कूलिंग फैन और बैटरी तकनीक से लैस हैं हेलमेट
इन हेलमेटों में एक विशेष कूलिंग फैन लगाया गया है, जो लिथियम बैटरी से चलता है. यह सिस्टम सिर का तापमान सामान्य बनाए रखने में मदद करता है, जिससे तेज धूप और गर्मी का असर कम महसूस होता है. प्रमुख चौराहों पर तैनात ट्रैफिक जवानों को प्राथमिकता के आधार पर ये हेलमेट दिए गए हैं, ताकि सबसे ज्यादा धूप में ड्यूटी कर रहे कर्मियों को राहत मिल सके.
ट्रैफिक जवानों ने साझा किया अनुभव
ट्रैफिक कांस्टेबल शोभित कुमार ने बताया कि पहले तेज धूप और हाई टेंपरेचर में ड्यूटी करना बेहद मुश्किल हो जाता था. गर्मी की वजह से लंबे समय तक सड़क पर खड़ा रहना चुनौती बन जाता था. लेकिन एसी हेलमेट पहनने के बाद काफी फर्क महसूस हो रहा है. उनका कहना है कि हेलमेट का कूलिंग सिस्टम लगातार हवा देता है, जिससे सिर ठंडा रहता है और ड्यूटी के दौरान गर्मी कम महसूस होती है.
7 से 8 डिग्री तक कम महसूस होता है तापमान
वहीं, ट्रैफिक कांस्टेबल राजेश कुमार ने बताया कि यह हेलमेट प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराया गया है. इसे पहनने के बाद करीब 7 से 8 डिग्री तक कम तापमान महसूस होता है. हेलमेट के अंदर फैन सिस्टम लगा है और इसकी बैटरी कमर पर लगाई जाती है. उन्होंने बताया कि बैटरी को तीन से चार घंटे चार्ज करने पर यह करीब चार से पांच घंटे तक काम करती है.
पुलिसकर्मियों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में कदम
अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और गर्मी के कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं में भी कमी आएगी. सहारनपुर पुलिस की यह पहल तकनीक के जरिए जवानों की सुविधा और यातायात व्यवस्था दोनों को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है. गर्मी में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों के लिए यह एसी हेलमेट राहत भरी हवा जैसा साबित हो रहा है.
ये भी पढ़ें