कई लोग कपड़ों की जेब में कभी 100-200 रुपए रखकर भूल जाते हैं और बाद में मिल जाएं तो खुशी हो जाती है. लेकिन अमेरिका के एक शख्स की किस्मत ऐसी चमकी कि उसे पुरानी पैंट की जेब से सीधे 57 करोड़ रुपए मिल गए. न्यू जर्सी में रहने वाले इस व्यक्ति ने लगभग एक साल पहले लॉटरी टिकट खरीदा था, लेकिन बाद में उसे कहीं रखकर भूल गया. मजेदार बात यह है कि टिकट एक्सपायर होने में सिर्फ एक दिन बचा था और तभी उसकी नजर टिकट पर पड़ी.
गैस स्टेशन से खरीदा था टिकट
People Magazine की रिपोर्ट के मुताबिक, शख्स ने पिछले साल मई में एक गैस स्टेशन से Pick-6 लॉटरी टिकट खरीदा था. वह अक्सर उसी पेट्रोल पंप पर जाता था और वहीं से टिकट भी लेता था. टिकट खरीदने के बाद उसने उसे कहीं रख दिया और फिर पूरी तरह भूल गया. समय बीतता गया और टिकट अलमारी, दराज और कपड़ों के बीच कहीं गायब हो गया. उसे खुद भी याद नहीं था कि टिकट आखिर रखा कहां है.
टीवी पर खबर देख हुआ शक
पिछले महीने लॉटरी अधिकारियों ने घोषणा की कि 5.9 मिलियन डॉलर यानी करीब 57 करोड़ रुपए का जैकपॉट अब तक किसी ने क्लेम नहीं किया है और उसकी समय सीमा जल्द खत्म होने वाली है. यह खबर सुनते ही उस व्यक्ति को शक हुआ, क्योंकि जीतने वाला टिकट उसी गैस स्टेशन से खरीदा गया था जहां वह अक्सर जाता था. वह तुरंत स्टेशन पहुंचा और कर्मचारियों से बात की.
कर्मचारियों की बात सुन शुरू की तलाश
गैस स्टेशन के कर्मचारियों ने बताया कि वहां Pick-6 गेम खेलने वाले नियमित ग्राहक बहुत कम हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि 'घर जाकर पुरानी चीजें अच्छे से खोजिए, हो सकता है टिकट वहीं मिल जाए.' बस फिर क्या था. शख्स ने पूरा घर उलट-पुलट कर दिया. दराज, शेल्फ, बैग और स्टोर रूम सब खंगाल डाले. आखिर में उसने अलमारी में रखे पुराने कपड़ों की जांच शुरू की.
पुरानी पैंट की जेब में छिपा था करोड़ों का टिकट
तलाशी के दौरान उसे एक पुरानी पैंट मिली. जब उसने जेब टटोली तो अंदर से मुड़ा-तुड़ा लॉटरी टिकट निकला. पहले तो उसे भरोसा नहीं हुआ, लेकिन नंबर मिलाने पर उसके होश उड़ गए. वही टिकट 5.9 मिलियन डॉलर का विजेता निकला. इसके बाद वह बिना देर किए लॉटरी मुख्यालय पहुंचा और एक्सपायर होने से सिर्फ एक दिन पहले इनाम क्लेम कर लिया.
ये भी पढ़ें