Sariska Tiger Reserve: सरिस्का सफारी लवर्स के लिए बड़ी खुशखबरी! पर्यटकों के लिए बदल गईं एंट्री से लेकर सफारी तक की सुविधाएं

नए पर्यटन सीजन से पहले सरिस्का बाघ अभ्यारण्य में पर्यटकों की सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं. बफर क्षेत्र में नया एंट्री गेट बनेगा, पुराने गेटों का सौंदर्यीकरण होगा और सफारी ट्रैक बेहतर किए जाएंगे, जिससे पर्यटकों का अनुभव पहले से अधिक सुविधाजनक होगा.

gnttv.com
  • अलवर,
  • 30 जून 2026,
  • अपडेटेड 2:43 PM IST

नए पर्यटन सीजन में सरिस्का का बदला हुआ रूप नजर आएगा. यहां आने वाले पर्यटकों को पहले से बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. एंट्री गेट से लेकर जंगल सफारी तक कई नए विकास कार्य दिखाई देंगे. सरिस्का और बाला किला बफर जोन में नए एंट्री गेट बनाए जाएंगे. साथ ही पर्यटकों के लिए साफ-सुथरे टॉयलेट, इंटीग्रेटेड वेटिंग रूम और ट्रैक को भी बेहतर बनाने का काम किया जा रहा है. इसका सीधा फायदा यहां आने वाले पर्यटकों को मिलेगा.

बफर क्षेत्र में बनेगा नया एंट्री गेट
सरिस्का बाघ अभ्यारण्य में पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरिस्का प्रशासन ने विकास कार्यों की रफ्तार तेज कर दी है. क्षेत्रीय निदेशक संग्राम सिंह कटियार ने बताया कि पर्यटकों की सुविधा और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम किया जा रहा है. सबसे बड़ा प्रस्ताव बफर क्षेत्र में नया प्रवेश द्वार (गेट) बनाने का है, जहां वर्तमान में सबसे अधिक टाइगर साइटिंग हो रही है. बजट स्वीकृत होते ही नए गेट का निर्माण शुरू किया जाएगा.

मौजूदा गेटों का होगा सौंदर्यीकरण
उन्होंने बताया कि प्रतापबंध, टहला और सरिस्का के मौजूदा प्रवेश द्वारों का भी सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा. इसके लिए बजट की मांग भेजी गई है. इन गेटों को आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा, ताकि पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके.

सफारी ट्रैक और बैठने की व्यवस्था होगी बेहतर
पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अभ्यारण्य में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था की गई है. गर्मी से राहत के लिए छायादार स्थान विकसित किए गए हैं. साथ ही सरिस्का के आंतरिक मार्गों की मरम्मत कर उन्हें बेहतर बनाया गया है, जिससे जंगल सफारी पहले से अधिक सुगम हो सके.

नए टॉयलेट बनेंगे, पुराने का होगा जीर्णोद्धार
क्षेत्रीय निदेशक ने बताया कि जंगल के विभिन्न स्थानों पर नए शौचालयों का निर्माण कराया गया है तथा पुराने शौचालयों का जीर्णोद्धार भी किया जा रहा है. इनकी नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है, ताकि पर्यटकों को स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं मिल सकें.

पर्यटकों को मिलेगा पहले से बेहतर अनुभव
सरिस्का प्रशासन का मानना है कि इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होगी. विश्व प्रसिद्ध सरिस्का बाघ अभ्यारण्य में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को पहले से अधिक सुविधाजनक और यादगार अनुभव मिलेगा. बफर क्षेत्र में बढ़ती टाइगर साइटिंग भी पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.
(रिपोर्ट- हिमांशु शर्मा)
 

ये भी पढ़ें

 

Read more!

RECOMMENDED