Advertisement

बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में दिल्ली पुलिस का कमाल, ओवरऑल ट्रॉफी पर किया कब्जा

ऑल इंडिया पुलिस बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में दिल्ली पुलिस ने पहली बार हिस्सा लिया. दिल्ली पुलिस के तीन हेड कांस्टेबल्स ने अलग-अलग कैटेगरी में मेडल जीते. यह चैंपियनशिप हरियाणा के मधुबन में आयोजित हुई. दिल्ली पुलिस ने ओवरऑल विनिंग ट्रॉफी भी जीती है.

बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में दिल्ली पुलिस का कमाल
मनीषा लड्डा
  • नई दिल्ली,
  • 02 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:15 AM IST

खाकी की ड्यूटी के साथ फिटनेस और बॉडीबिल्डिंग का जुनून दिल्ली पुलिस के तीन हेड कॉन्स्टेबल्स को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला गया. दिल्ली पुलिस ने पहली बार 75वीं ऑल इंडिया पुलिस बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विनिंग ट्रॉफी अपने नाम की.
हरियाणा के मधुबन पुलिस कॉम्प्लेक्स में 23 से 27 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में दिल्ली पुलिस की ओर से तीन बॉडीबिल्डिंग एथलीट्स ने हिस्सा लिया. तीनों ने अपनी-अपनी कैटेगरी में मेडल हासिल किए.

नरेंद्र यादव ने जीता गोल्ड-
हेड कॉन्स्टेबल नरेंद्र यादव ने 100 किलोग्राम तक की बॉडीबिल्डिंग कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीता. उनके प्रदर्शन के साथ दिल्ली पुलिस ने प्रतियोगिता की ओवरऑल विनिंग ट्रॉफी भी हासिल की.

नरेंद्र यादव की तैयारी में नियमित वेट ट्रेनिंग, फिटनेस और डाइट का अहम हिस्सा रहा. पुलिस की ड्यूटी के साथ बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता के लिए शरीर को तैयार करना उनके रोजाना के रूटीन का हिस्सा रहा.

कुलदीप और मोहम्मद शाहिद ने जीते ब्रॉन्ज-
हेड कॉन्स्टेबल कुलदीप ने 100 किलोग्राम तक की कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. वहीं हेड कॉन्स्टेबल मोहम्मद शाहिद ने 85 किलोग्राम तक की कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.

दोनों खिलाड़ियों ने भी पुलिस की जिम्मेदारियों के साथ अपनी ट्रेनिंग और डाइट को लगातार जारी रखा.

ड्यूटी के साथ फिटनेस का अनुशासन-
इन तीनों पुलिसकर्मियों की कहानी सिर्फ मेडल जीतने तक सीमित नहीं है. बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता के लिए तैयारी के दौरान उन्हें पुलिस की नियमित जिम्मेदारियां भी निभानी होती हैं. इसके बावजूद उन्होंने अपने रूटीन में वर्कआउट और डाइट को जगह दी.

बॉडीबिल्डिंग में ट्रेनिंग के साथ-साथ डाइट का भी अहम रोल होता है. खिलाड़ियों ने अपनी तैयारी के दौरान खाने की मात्रा, समय और प्रोटीन जैसे पोषण संबंधी पहलुओं पर ध्यान दिया. जिम में घंटों की ट्रेनिंग के साथ शरीर को प्रतियोगिता के लिए तैयार करने पर फोकस किया गया.

पहली बार में बड़ी उपलब्धि-
दिल्ली पुलिस के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि पुलिस बल ने पहली बार ऑल इंडिया पुलिस बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था. पहली ही भागीदारी में तीन मेडल और ओवरऑल विनिंग ट्रॉफी हासिल करना खिलाड़ियों की मेहनत और खेल के प्रति उनके अनुशासन को दर्शाता है.

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने तीनों मेडल विजेता खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके प्रदर्शन की सराहना की. पुलिस विभाग की ओर से कर्मचारियों को खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली पुलिस का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement