अंडा खाने वालों के लिए 'Good News'.. अब अंडे के ऊपर लिखी होगी एक्सपायरी डेट, नहीं बेचा जा सकेगा पुराना अंडा

नए नियम के तहत अंडे पर लगा स्टैम ग्राहक को बताएगा कि कब अंडा मुर्गी ने दिया और कब तक यह ताज़ा रहेगा.

Egg with stamp
आशीष श्रीवास्तव
  • उत्तर प्रदेश,
  • 17 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 9:33 AM IST

उत्तर प्रदेश सरकार नें एक अप्रैल से यूपी में हर अंडे पर लेड डेट और एक्सपायरी डेट की मुहर लगाना अनिवार्य कर दिया गया है. यानी अब ग्राहक के हाथ में आने वाला अंडा सिर्फ सफेद खोल नहीं, बल्कि उसकी पूरी 'जन्म कुंडली' लेकर आएगा. जो ग्राहक को बताएगा कि कब अंडा मुर्गी ने दिया और कब तक यह ताज़ा रहेगा. जो व्यापारी या किसान इस नियम को तोड़ेंगे, उनके द्वारा बेचे जा रहे अंडे या तो नष्ट किए जाएंगे या फिर उन पर साफ लिख दिया जाएगा कि इंसानी उपभोग के लायक नहीं है.

कितने दिन अंडा रहता है ताज़ा?
जानकारी के मुताबिक, अंडा सामान्य तापमान यानी करीब 30 डिग्री सेल्सियस पर सिर्फ दो हफ्ते तक सुरक्षित माना जाता है, जबकि 2 से 8 डिग्री सेल्सियस पर रखने पर यह पांच हफ्ते तक उपयोग योग्य रह सकता है. कई जगह नियमों का पालन ही नहीं हो रहा था, और ग्राहक अंधेरे में थे. ऐसे में इस नियम को लागू करने से ग्राहकों को काफी फायदा होगा. जो कि उनकी सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद साबित होगा.

कितने कोल्ड स्टोरेज यूनिट हैं यूपी?
यूपी जैसे विशाल राज्य में अंडों के लिए फिलहाल सिर्फ दो कोल्ड स्टोरेज बताए गए हैं. एक आगरा में और एक झांसी में. फूड सेफ्टी नियम कहते हैं कि अंडों को सब्जियों के साथ एक ही कोल्ड स्टोरेज में नहीं रखा जा सकता, क्योंकि दोनों के तापमान की जरूरत अलग होती है. यानी व्यवस्था सीमित है, लेकिन बहाने अब नहीं चलेंगे.

'ग्राहकों को अंडा खुद बताएगा अपने बारे में'
पशुपालन विभाग प्रमुख सचिव मुकेश मिश्राम नें बताया कि कई मामलों में नियमों का पालन नहीं हो रहा था और उपभोक्ता भी पूरी जानकारी से वंचित थे. यही वजह है कि अब यह फैसला सिर्फ एक प्रशासनिक आदेश नहीं, बल्कि उपभोक्ता सुरक्षा की सीधी कार्रवाई माना जा रहा है. अब ग्राहक पूछेगा नहीं कि अंडा कितना पुराना है, अंडा खुद बता देगा वह कितना पुराना हैं.

 

Read more!

RECOMMENDED