नई प्रणाली के तहत दर्ज हो रही शिकायत
नई प्रणाली के तहत दर्ज हो रही शिकायत
पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया अब मात्र 3 मिनट में पूरी होगी, नागपुर पुलिस इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए एआई की मदद ले ला रहा है. एआई की मदद से मुश्किल प्रक्रियाएं अब आसान होती जा रही है. कई क्षेत्रों में हाई तकनीक का उपयोग कर नए विकल्प तलाशे जा रहे हैं. इसी कड़ी में अब पुलिस विभाग ने भी एआई का सहारा लेना शुरू कर दिया है.
एआई के साथ वॉइस टाइपिंग का सहारा
पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करने में लगने वाला समय और मैनपावर की समस्या को कम करने के लिए नागपुर के नंदनवन पुलिस थाने ने एआई और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हॉट्सऐप के वॉइस टाइपिंग फीचर का इस्तेमाल शुरू किया है. इस नई प्रणाली के कारण शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया अब कुछ ही मिनटों में पूरी हो रही है.
3-4 मिनट में शिकायत होती दर्ज
पहले पुलिस थाने में आने वाली शिकायतें दर्ज करने में लगभग आधे से पौन घंटे का समय लग जाता था. लेकिन अब उन्हें दर्ज करने में केवल 3 से 4 मिनट का समय लग रहा है. पहले शिकायत को पुलिस डायरी में दर्ज करने के बाद उसे सीसीटीएनएस प्रणाली में भी टाइप करना पड़ता था, जिसमें काफी समय लगता था. साथ ही शिकायत दर्ज करने के बाद उसकी कॉपी शिकायतकर्ता को देने की प्रक्रिया में भी समय लगता था. इसके कारण लोगों को शिकायत दर्ज करवाने में काफी समय लग जाता था.
कैसे काम करती है प्रणाली
इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए नंदनवन पुलिस थाने के प्रभारी कैलास देशमाने ने कर्मचारियों को टाइपिंग के लिए वॉइस टाइपिंग का विकल्प सुझाया है. वॉइस टाइपिंग से शिकायत टाइप होने के बाद एआई की मदद से उसमें तकनीकी सुधार किया जाता है. इसके बाद शिकायत को पुलिस के व्हॉट्सऐप ग्रुप में मौजूद सीसीटीएनएस टीम को भेजा जाता है. जिसके बाद मात्र तीन मिनट में थाने में मौजूद कर्मचारी उसे कॉपी-पेस्ट कर उसकी एंट्री कर लेते हैं.
नंदनवन पुलिस थाने की इस पहल के तहत शहर के विभिन्न पुलिस थाने के 200 महिला कर्मचारियों को इसका प्रशिक्षण दिया गया है. अब बैठे-बैठे ही 2 से 3 मिनट में शिकायत की एंट्री की जा रही है. एआई, वॉइस टाइपिंग और व्हॉट्सऐप जैसे डिजिटल साधनों के उपयोग से विकसित इस प्रणाली के कारण शिकायतकर्ता की शिकायत तुरंत दर्ज कर उसकी कॉपी भी कम समय में उपलब्ध कराई जा रही है.
- योगेश वसंत पांडे की रिपोर्ट