रेलवे कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है. केंद्र सरकार ने रेलवे के कर्मचारियों को 78 दिन का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) देने को मंजूरी दे दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में यह फैसला लिया गया है कि कुल 11,40,770 रेलवे कर्मचारियों को लगभग 2,009.61 करोड़ रुपये का बोनस दिया जाएगा. रेलवे कर्मचारियों के अच्छे काम को देखते हुए सरकार ने यह राशि उन्हें बोनस के रूप में दुर्गा पूजा से पहले देने का फैसला किया है.
हर साल दुर्गा पूजा और दशहरा की छुट्टियों से पहले रेलवे के कर्मचारियों को यह बोनस केंद्र सरकार की ओर से दिया जाता है. इस साल भी करीब 11.40 लाख रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों की सैलरी के बराबर बोनस बैंक अकाउंट में डाल दिया जाएगा. सरकार का मानना है कि इस तरह का बोनस कर्मचारियों को बेहतर काम करने और रेलवे के प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए उन्हें प्रोत्साहित करता है.
एक कर्मचारी को अधिकतम कितने रुपए तक दिए जाएंगे
सरकार को 2,009.61 करोड़ रुपए, 11,40,770 रेलवे कर्मचारियों में बांटना है. इस तहत एक कर्मचारी को अधिकतम 17,951 रुपये 78 दिन के बोनस के रूप में दी जाएगी. यह भुगतान रेलवे के अलग-अलग विभागों में काम करने वाले कर्मचारियों के बीच होगा. इनमें ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर यानी गार्ड, स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, टेक्नीशियन हेल्पर, पॉइंट्समैन, मंत्रालयिक कर्मचारी और अन्य ग्रुप C कर्मचारी शामिल हैं. इस बोनस के जरिए रेलवे के उन कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाता है, जो रोजाना रेलवे की सेवाओं को बेहतर बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाते हैं और पूरा योगदान देते हैं. हर साल त्योहारों से पहले मिलने वाली यह राशि कर्मचारियों के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी होती है, जो उनके त्योहार में रंग जम जाते हैं.
रेलवे ने 2025-26 में बनाया माल ढुलाई का रिकॉर्ड
रिपोर्ट के मुताबिक वित्त वर्ष 2025-26 में रेलवे ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है. रिपोर्ट की माने तो रेलवे ने पिछले साल 1,670 मिलियन टन माल की ढुलाई की है, जिसका मुनाफा केंद्र को अच्छा हुआ है. वहीं करीब 7.41 अरब यात्रियों को रेलवे ने अपने गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाया. इस साल भी कर्मचारी के काम के प्रति उसी उत्साह को सराहते हुए रेलवे ने 2,009.61 करोड़ रुपए बोनस के तौर पर बांटने का फैसला लिया है, जिसके तहत कर्मचारियों को 78 दिन का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस देने की मंजूरी दी गई है.
रेलवे कर्मचारियों को हर साल दिया जाने वाला प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस उनके काम और प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए दिया जाता है. सरकार के मुताबिक, बोनस मिलने से कर्मचारी रेलवे की कार्यक्षमता और सेवाओं में सुधार के लिए प्रेरित होते हैं. इस साल भी कर्मचारियों को 78 दिन की सैलरी के बराबर बोनस दिया जाएगा. इसके लिए कुल 2,009.61 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं.
ये भी पढ़ें