Advertisement

नवरात्र से पहले गरीबों को बड़ा तोहफा, 90 हजार लाभार्थियों को मिली पहली किस्त, 900 करोड़ सीधे खातों में ट्रांसफर

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना घर हो, और सरकार इस सपने को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ मकान देना नहीं, बल्कि गरीबों को सम्मानजनक जीवन देना है, जिसमें शौचालय, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी शामिल हैं.

Pradhan Mantri Awas Yojana
gnttv.com
  • लखनऊ ,
  • 17 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 12:41 PM IST
  • अब पत्रकार, वकील, शिक्षक और डॉक्टरों के लिए भी आवास योजना
  • कब्जाई जमीन पर बनेंगे गरीबों के घर

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गरीबों को बड़ी राहत देते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत 90,000 लाभार्थियों के खातों में 900 करोड़ रुपये की पहली किस्त ट्रांसफर कर दी है. डीबीटी के जरिए भेजी गई यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंची है, जिससे बिना किसी बिचौलिये के मकान निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. नवरात्र से पहले यह बड़ा ऐलान किया गया है.

कब्जाई जमीन पर बनेंगे गरीबों के घर
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना घर हो, और सरकार इस सपने को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ मकान देना नहीं, बल्कि गरीबों को सम्मानजनक जीवन देना है, जिसमें शौचालय, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी शामिल हैं. मुख्यमंत्री ने पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले माफियाओं ने गरीबों का हक छीना और जमीनों पर कब्जा किया.

अब उन्हीं जमीनों को मुक्त कराकर गरीबों के लिए आवास बनाए जाएंगे. उन्होंने दो टूक कहा कि जिन्होंने वर्षों तक शोषण किया है, अब उन्हें इसकी भरपाई करनी होगी. सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि माफिया से मुक्त कराई गई जमीनों पर हाईराइज आवास परियोजनाएं विकसित की जाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंदों को घर मिल सके.

हर वर्ग को सम्मानजनक जीवन देना सरकार की प्राथमिकता
आने वाले समय में गरीबों के साथ-साथ पत्रकारों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों और चिकित्सकों के लिए भी आवास योजनाएं शुरू की जाएंगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ग को सम्मानजनक जीवन देना सरकार की प्राथमिकता है. सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश में अब तक करीब 62 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल चुका है. उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार 25 करोड़ जनता को अपना परिवार मानकर बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है.

मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से अपील की कि वे पहली किस्त मिलने के बाद तुरंत निर्माण कार्य शुरू करें. उन्होंने निर्देश दिए कि 75% काम पूरा होने पर दूसरी किस्त तुरंत जारी की जाए. साथ ही जिलों में सस्ती और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सामग्री उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं. डीबीटी प्रणाली से पारदर्शिता बढ़ी है और भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है. अब पैसा सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है, जिससे योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच रहा है.

सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को सशक्त बनाना
आवास के साथ-साथ लाभार्थियों को अन्य सरकारी योजनाओं का भी फायदा मिल रहा है. इनमें मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत के तहत स्वास्थ्य बीमा और पेंशन योजनाएं शामिल हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश अब बीमारू राज्य की छवि से निकलकर देश का ग्रोथ इंजन बन रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को सशक्त बनाना है.

-अंकित मिश्रा की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement