उज्ज्वला योजना से बदली लाखों महिलाओं की जिंदगी... जानिए क्या है योजना और कैसे उठाएं इसका लाभ

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी उज्ज्वला योजना ग्रामीण और गरीब परिवारों की महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है. इस योजना के तहत मिलने वाले एलपीजी गैस कनेक्शन ने महिलाओं को चूल्हे के धुएं से राहत दिलाई है.

Ujjwala Yojana
gnttv.com
  • गुना,
  • 04 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:52 AM IST

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी उज्ज्वला योजना ग्रामीण और गरीब परिवारों की महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है. इस योजना के तहत मिलने वाले एलपीजी गैस कनेक्शन ने महिलाओं को चूल्हे के धुएं से राहत दिलाई है. साथ ही उनके स्वास्थ्य, समय और आजीविका पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ा है. गुना जिले की कई महिलाएं इस योजना का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं.

गुना की राजकुमारी अहिरवार इसका एक उदाहरण हैं. उन्हें उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिला है. राजकुमारी एक स्व सहायता समूह का संचालन करती हैं और गैस सिलेंडर की मदद से घर का भोजन तैयार करने के साथ-साथ टिफिन सेंटर भी चलाती हैं. उनका कहना है कि गैस पर जल्दी और सुविधाजनक तरीके से खाना बन जाता है, जिससे समय की बचत होती है. टिफिन सेंटर से होने वाली आय से परिवार का खर्च चलाने में भी मदद मिल रही है.

महिलाओं को मिल रहा लाभ
वहीं, योजना की लाभार्थी शांति परिहार बताती हैं कि पहले उन्हें लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाना पड़ता था. चूल्हे के धुएं के कारण उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने लगी थीं. बरसात के मौसम में गीली लकड़ियों के कारण खाना बनाना और भी मुश्किल हो जाता था. लेकिन उज्ज्वला योजना का लाभ मिलने के बाद उनकी परेशानियां काफी हद तक कम हो गई हैं. शांति कहती हैं कि अब गैस पर जल्दी खाना बन जाता है और बच्चों को समय पर स्कूल भेज पाती हैं. घर में धुआं नहीं होता और आंखों में जलन की समस्या भी खत्म हो गई है. उनका मानना है कि उज्ज्वला योजना ने उनके परिवार के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

क्या है उज्ज्वला योजना
Pradhan Mantri Ujjwala Yojana भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2016 में की गई थी. इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और गरीब परिवारों की महिलाओं को मुफ्त एलपीजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराना है. इस योजना के तहत महिलाओं के नाम पर गैस कनेक्शन दिया जाता है, जिससे उन्हें पारंपरिक ईंधन जैसे लकड़ी, कोयला और गोबर के उपलों के धुएं से राहत मिलती है.

उज्ज्वला योजना का लाभ कैसे उठा सकते हैं?
Pradhan Mantri Ujjwala Yojana का लाभ लेने के लिए आवेदक महिला की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए और वह गरीब या पात्र परिवार से संबंधित होनी चाहिए. परिवार के नाम पर पहले से कोई एलपीजी कनेक्शन नहीं होना चाहिए.

आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज:
आधार कार्ड
राशन कार्ड
पहचान पत्र
बैंक खाता विवरण
पासपोर्ट आकार का फोटो
मोबाइल नंबर

आवेदन प्रक्रिया:
नजदीकी एलपीजी वितरक (इंडेन, भारत गैस या एचपी गैस) के पास जाएं.
उज्ज्वला योजना का आवेदन फॉर्म भरें.
आवश्यक दस्तावेज जमा करें.
पात्रता की जांच के बाद गैस कनेक्शन जारी किया जाएगा.
ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है. अधिक जानकारी के लिए आप प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं.

रिपोर्टर -विकास दीक्षित

ये भी पढ़ें: 


 

Read more!

RECOMMENDED