बारिश का मौसम अपने साथ ठंडक और राहत तो लेकर आता है, लेकिन इसी मौसम में पेट से जुड़ी बीमारियां, वायरल इंफेक्शन और फूड पॉइजनिंग का खतरा भी बढ़ जाता है. हवा में नमी बढ़ने और बैक्टीरिया तेजी से पनपने के कारण खानपान में थोड़ी-सी लापरवाही भी सेहत पर भारी पड़ सकती है. मॉनसून के दौरान कौन-सी सब्जियां सबसे ज्यादा फायदेमंद होती हैं, कौन-सी सब्जियां इम्यूनिटी बढ़ाती हैं और उन्हें धोने व पकाने का सही तरीका क्या है चलिए जानते हैं मैक्स हॉस्पिटल, गुरुग्राम की हेड-डायटेटिक्स एंड न्यूट्रिशन डाइटिशियन सुरभि शर्मा से.
मॉनसून में कौन-सी सब्जियां खाना सबसे ज्यादा फायदेमंद?
बारिश के मौसम में ऐसी सब्जियां खानी चाहिए जो हल्की हों, आसानी से पच जाएं और शरीर को जरूरी पोषण भी दें. इस मौसम में लौकी, करेला, तुरई, चिचिंडा, भिंडी, सहजन, कद्दू और ग्वार फली सबसे बेहतर विकल्प मानी जाती हैं.
इन सब्जियों में पानी की मात्रा अच्छी होती है, जिससे शरीर हाइड्रेट रहता है. साथ ही इनमें फाइबर, विटामिन और मिनरल्स भी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. ये पाचन को बेहतर बनाने के साथ शरीर को हल्का महसूस कराती हैं और बारिश के मौसम में होने वाली गैस, अपच और भारीपन जैसी समस्याओं से भी बचाती हैं.
जुलाई में कौन-सी सब्जियां बढ़ाती हैं इम्यूनिटी?
मॉनसून में संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत रखना बेहद जरूरी है. इसके लिए रोजाना की डाइट में करेला, लौकी, चुकंदर, सहजन, भिंडी और अच्छी तरह पकी हुई पालक को शामिल किया जा सकता है.
इन सब्जियों में विटामिन-सी, विटामिन-ए, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट्स अच्छी मात्रा में मौजूद होते हैं. ये पोषक तत्व शरीर को वायरस और बैक्टीरिया से लड़ने में मदद करते हैं.
इस मौसम में खाने में अदरक, लहसुन और हल्दी का इस्तेमाल भी जरूर करना चाहिए. इनमें प्राकृतिक एंटी-इन्फ्लेमेटरी और एंटीमाइक्रोबियल गुण होते हैं, जो शरीर को मौसमी संक्रमण से बचाने में सहायक माने जाते हैं.
बारिश में सब्जियां धोने और पकाने का सही तरीका क्या है?
मॉनसून के दौरान सब्जियों पर मिट्टी, कीटाणु और बैक्टीरिया होने की संभावना अधिक रहती है. इसलिए केवल पानी से धोना काफी नहीं माना जाता.
सबसे पहले अपने हाथ अच्छी तरह साफ करें. इसके बाद सब्जियों को बहते पानी में अच्छी तरह धोएं. चाहें तो उन्हें 10 से 15 मिनट तक नमक या सिरके मिले साफ पानी में भिगोकर रखें और फिर दोबारा साफ पानी से धो लें.
यदि किसी सब्जी का कोई हिस्सा खराब या सड़ा हुआ दिखाई दे तो उसे तुरंत हटा दें. हरी पत्तेदार सब्जियों की बाहरी पत्तियां निकाल देना बेहतर होता है.
जहां तक पकाने की बात है, मॉनसून में भाप में पकाना (स्टीम), उबालना या हल्का स्टिर-फ्राई करना सबसे सुरक्षित माना जाता है. इससे हानिकारक कीटाणु नष्ट हो जाते हैं और भोजन पचाने में भी आसानी होती है.
क्या मॉनसून में पत्तेदार सब्जियां खानी चाहिए?
अक्सर लोगों के मन में सवाल रहता है कि बारिश के मौसम में पालक, मेथी जैसी पत्तेदार सब्जियां खानी चाहिए या नहीं. डॉक्टर से अनुसार इनका सेवन किया जा सकता है, लेकिन कुछ जरूरी सावधानियों के साथ. पत्तेदार सब्जियों में नमी अधिक होने के कारण उनमें मिट्टी, बैक्टीरिया और छोटे कीड़े आसानी से चिपक सकते हैं. इसलिए इन्हें हमेशा भरोसेमंद जगह से खरीदें, अच्छी तरह धोएं और पूरी तरह पकाकर ही खाएं. मॉनसून में कच्ची पत्तेदार सब्जियां या सलाद खाने से बचना बेहतर माना जाता है, क्योंकि इससे पेट के संक्रमण और फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ सकता है.
मॉनसून में किन बातों का रखें खास ध्यान?
बारिश के मौसम में केवल सही सब्जियां चुनना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें सही तरीके से स्टोर करना और ताजा बनाकर खाना भी जरूरी है.
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि लंबे समय तक फ्रिज में रखी हुई या बासी सब्जियों का सेवन न करें. हमेशा ताजी सब्जियां खरीदें और उन्हें अच्छी तरह पकाकर ही खाएं. खुले में कटे हुए फल और सलाद से भी दूरी बनाना बेहतर रहता है.
इसके अलावा पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, घर का ताजा भोजन खाना और जरूरत से ज्यादा तला-भुना भोजन कम करना भी मॉनसून में शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करता है.