अगर आप जिम जाते हैं, वर्कआउट करते हैं या शरीर को मजबूत और फिट बनाना चाहते हैं, तो आपने यह सवाल जरूर सुना होगा कि मसल्स बनाने के लिए गाय का दूध बेहतर है या भैंस का. दूध को प्रोटीन, कैल्शियम और कई जरूरी तत्वों का अच्छा सोर्स माना जाता है. लेकिन दोनों तरह के दूध की खूबियां अलग-अलग होती हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि भैंस का दूध चुनें या गाय.
मसल्स को मजबूत बनाने और वर्कआउट के बाद शरीर की रिकवरी के लिए प्रोटीन बहुत जरूरी होता है. जब आप एक्सरसाइज करते हैं, तो मांसपेशियों को दोबारा बनने के लिए प्रोटीन की जरूरत पड़ती है. इसलिए जो लोग नियमित रूप से जिम जाते हैं या खेलकूद में हिस्सा लेते हैं, उन्हें अपनी डाइट में प्रोटीन शामिल करना चाहिए. दूध इस जरूरत को पूरा करने का आसान और अच्छा तरीका है.
ICMR के अनुसार, भैंस के दूध में गाय के दूध की तुलना में ज्यादा प्रोटीन होता है. आम तौर पर 100 मिलीलीटर भैंस के दूध में करीब 4 से 4.5 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है, जबकि इतनी ही मात्रा में गाय के दूध में लगभग 3 से 3.5 ग्राम प्रोटीन होता है. यही वजह है कि मसल्स बढ़ाने के लिए भैंस का दूध अच्छा माना जाता है. इसमें फैस और कैल्शियम भी अधिक होते हैं, जिससे शरीर को ज्यादा एनर्जी मिल सकती है.
अगर आपका डाइजेशन सिस्टम कमजोर है , तो गाय का दूध बेहतर हो सकता है. यह आसानी से डाइजेस्ट हो जाता है और इसमें फैट भी कम होता है. यही कारण है कि बच्चों, बुजुर्गों और वेट कंट्रोल करने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए गाय का दूध अधिक फायदेमंद माना जाता है. इसमें भी अच्छी मात्रा में प्रोटीन होता है, जो शरीर की जरूरतों को पूरा करने में मदद करता है.
अगर आप रोजाना भारी वर्कआउट करते हैं, मसल्स बढ़ाना चाहते हैं और शरीर को ज्यादा एनर्जी की जरूरत होती है, तो भैंस का दूध आपके लिए फायदेमंद हो सकता है. वहीं अगर आपका फिट रहना है, कम फैट लेना है , तो गाय का दूध बेहतर साबित हो सकता है. केवल ज्यादा प्रोटीन देखकर दूध का चुनाव करना सही नहीं है.