गर्मियों के मौसम में दही सबसे फायदेमंद माना जाता है. कोई इसे दही-चावल के साथ खाना पसंद करता है तो कोई पराठे या रायते के रूप में इसका सेवन करता है. दही न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि शरीर को ठंडक पहुंचाने और पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में भी मदद करता है. हालांकि, कई लोग दही को सादा खाने के बजाय उसमें नमक या चीनी मिलाकर खाते हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि दही में नमक मिलाना ज्यादा फायदेमंद है या चीनी. तो आइए जानते हैं दही के साथ क्या खाना ज्यादा बेहतर होता है.
दही क्यों है सेहत के लिए फायदेमंद?
दही में कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन बी12 और प्रोबायोटिक्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. ये तत्व पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने, हड्डियों को मजबूत बनाने और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करते हैं. यही वजह है कि दही को एक पौष्टिक सुपरफूड माना जाता है.
दही में चीनी मिलाकर खाने के फायदे और नुकसान
कई लोगों को दही का खट्टापन पसंद नहीं आता, इसलिए वे उसमें चीनी मिलाकर खाते हैं. चीनी मिलाने से दही का स्वाद बेहतर हो जाता है और शरीर को तुरंत ऊर्जा भी मिलती है. लेकिन जरूरत से ज्यादा चीनी का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है. विशेषज्ञों के अनुसार, अधिक चीनी खाने से मोटापा, टाइप-2 डायबिटीज, हृदय रोग और अन्य कई स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोगों और डायबिटीज के मरीजों को दही में ज्यादा चीनी मिलाने से बचना चाहिए.
दही में नमक मिलाकर खाने के फायदे और नुकसान
भारत में दही में नमक मिलाकर खाना काफी आम है. हल्का नमक दही के स्वाद को बढ़ाता है और खट्टापन कम करता है. गर्मियों में यह शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स के संतुलन को बनाए रखने में भी मदद कर सकता है. हालांकि, नमक की अधिक मात्रा शरीर में सोडियम बढ़ा सकती है, जिससे हाई ब्लड प्रेशर, हृदय रोग और स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए नमक का सेवन भी सीमित मात्रा में ही करना चाहिए.
क्या ज्यादा बेहतर?
सादा दही खाना सबसे अच्छा माना जाता है. अगर स्वाद के लिए कुछ मिलाना जरूरी हो, तो नमक या चीनी दोनों का इस्तेमाल सीमित मात्रा में करें. डायबिटीज और वजन कम करने वाले लोगों के लिए बिना चीनी वाला दही बेहतर है, जबकि हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को नमक की मात्रा पर विशेष ध्यान देना चाहिए. कुल मिलाकर, दही में नमक या चीनी से ज्यादा महत्वपूर्ण उनकी मात्रा है. संतुलित मात्रा में सेवन करने पर ही दही के सभी स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं.
ये भी पढ़ें: