scorecardresearch

Parenting Tips: बच्चे डिजिटल स्क्रीन स्क्रॉल करते-करते डाल देते हैं कार्ट में कुछ भी.. जरूरी है उन्हें 'जरूरत' और 'इच्छा' के बीच फर्क समझाना, ऐसे में अपनाएं ये टिप्स

अक्सर जब बच्चे छोटे होते हैं, तो उनके आदत होती है हर चीज़ की मांग करने की. कई बार उनकी मांग एक जरूरत होती है, तो कई बार इच्छा से ज्यादा कुछ नहीं. जो कभी-कभी केवल पैसे बर्बाद करती है. ऐसे में उन्हें सीखाने और समझाने की जरूरत है कि जरूरत और इच्छा के बीच कैसे फर्क करें.

AI Generated Image AI Generated Image

आज के समय में बच्चों की लगभग हर मांग कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाती है. लेकिन मांग को पूरा करने से बीच भी उन्हें कुछ समझाने की जरूरत है. ऑनलाइन शॉपिंग और डिजिटल पेमेंट्स के दौर में बच्चों को यह समझाना जरूरी है कि कौन सी चीज उनकी जरूरत है और कौन सी सिर्फ एक इच्छा. अगर मां-बाप बचपन से ही उन्हें सही फैसले लेने की सीख दें, तो वे बड़े होकर फाइनेंशियल रूप से अधिक जिम्मेदार बन सकते हैं.

बच्चों को इच्छा और जरूरत का फर्क समझाने के लिए मुश्किल शब्दों का इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं है. उन्हें आसान उदाहरणों से समझाएं. जैसे खाना, पानी, कपड़े, घर और स्कूल की किताबें हमारी जरूरतें हैं क्योंकि इनके बिना जीवन पर काफी असर पड़ता है. वहीं वीडियो गेम, महंगे खिलौने, ब्रांडेड जूते या नए गैजेट्स इच्छाएं हैं, जिन्हें पाकर केवल खुशी मिलती है लेकिन इनके बिना भी जीवन को आसानी के जीया जा सकता है.

खरीदारी में करें शामिल

जब भी आप बच्चों के साथ बाजार, सुपरमार्केट या मॉल जाएं, तो उन्हें खरीदारी करने में शामिल करें. किसी सामान को टोकरी में रखने से पहले उनसे पूछें कि यह जरूरत है या इच्छा. इस तरह के छोटे-छोटे सवाल बच्चों को सोचने और फैसला लेने की आदत सिखाते हैं. धीरे-धीरे वे खुद समझने लगेंगे कि कौन सी चीज जरूरी है और कौन सी सिर्फ अट्रैक्ट होने का नतीजा.

जिद को संभालने का स्मार्ट तरीका

अक्सर बच्चे किसी खिलौने, गैजेट या दूसरी चीज को देखकर तुरंत उसे खरीदने की जिद करने लगते हैं. ऐसे समय में फौरन मना करना ठीक नहीं रहेगा. ऐसे में आप '48 घंटे का नियम' अपना सकते हैं. बच्चे से कहें कि अगर उसे दो दिन बाद भी वही चीज चाहिए होगी, तब उसके बारे में सोचेंगे. ऐसे में कई बार बच्चों की अचानक जागी इच्छा कुछ समय बाद अपने आप खत्म हो जाती है और वे उस चीज को भूल जाते हैं.

पॉकेट मनी से आएगी पैसों की समझ

बच्चों को पॉकेट मनी देनी की आदत डालें. इससे वह बचत करना सीख सकेंगे. घर में गुल्लक या पिग्गी बैंक रखें और उन्हें अपनी इच्छाओं के लिए पैसे बचाने के लिए मोटिवेट करें. जब बच्चा किसी पसंदीदा चीज़ के लिए खुद पैसे जमा करता है, तो उसे पैसों की कीमत बेहतर तरीके से समझ आती है.

माता-पिता की आदतों से सीखते हैं बच्चे

बच्चों माता-पिता से भी काफी कुछ सीखते हैं. अगर माता-पिता सोच-समझकर खर्च करते हैं और जरूरत को प्राथमिकता देते हैं, तो बच्चे भी वही आदत अपनाते हैं. इसलिए बच्चों को सिखाने से पहले खुद अच्छा उदाहरण बनना जरूरी है.