आजकल गलत खानपान, मिलावटी खाने की चीजें और खराब लाइफस्टाइल की वजह से कई लोग कब्ज और सुबह पेट साफ न होने की समस्या से परेशान हैं. कई लोग इस परेशानी से छुटकारा पाने के लिए दवाइयों का सहारा लेते हैं. लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर रोज की डाइट में कुछ आसान बदलाव किए जाएं, तो बिना दवा के भी इस समस्या से राहत मिल सकती है. तो चलिए आपको बताते हैं किन चीजों को डाइट में शामिल करने से पेट साफ होगा...
क्यों नहीं होता पेट साफ?
पेट साफ न होने की सबसे बड़ी वजह खाने में फाइबर की कमी है. फाइबर हमें हरी सब्जियों, फलों और साबुत अनाज से मिलता है. इसके अलावा कम पानी पीना, पूरे दिन बैठे रहना और बिल्कुल भी एक्सरसाइज न करना भी कब्ज का कारण बन सकता है. इन आदतों की वजह से पाचन तंत्र ठीक से काम नहीं करता और सुबह पेट साफ होने में दिक्कत होती है.
डाइट में शामिल करें ये चीजें
अगर आप चाहते हैं कि सुबह पेट आसानी से साफ हो, तो उठते ही बिना ब्रश किए 1 से 2 गिलास गुनगुना पानी पिएं. इससे आंतें एक्टिव होती हैं और मल बाहर निकलने में आसानी होती है.
रात में 3 से 4 मुनक्के या 2 सूखे अंजीर पानी में भिगो दें. सुबह खाली पेट इन्हें खाएं और बचा हुआ पानी भी पी लें. इससे कब्ज की समस्या कम हो सकती है.
पपीता भी पेट के लिए बहुत फायदेमंद होता है. इसमें फाइबर और पपेन नाम का एंजाइम होता है, जो खाना पचाने में मदद करता है. सुबह के नाश्ते या दोपहर में ओट्स या गेहूं का दलिया भी खा सकते हैं. इसमें मौजूद फाइबर पेट को साफ रखने में मदद करता है.
इसके अलावा पालक, बथुआ और मेथी जैसी हरी सब्जियां अपने खाने में जरूर शामिल करें. दोपहर के खाने के साथ एक गिलास छाछ या एक कटोरी दही खाएं. इनमें अच्छे बैक्टीरिया होते हैं, जो पेट और आंतों को स्वस्थ रखते हैं.
इन चीजों से करें परहेज
अगर आप चाहते हैं कि आपका पेट हमेशा ठीक रहे, तो मैदा से बनी चीजें, बेकरी प्रोडक्ट्स, ज्यादा चाय और कॉफी, पैक्ड जूस और कोल्ड ड्रिंक्स का सेवन कम करें. साथ ही रोज थोड़ा-बहुत टहलें, हल्की एक्सरसाइज करें और दिनभर पर्याप्त पानी पिएं. इससे पाचन बेहतर रहेगा और सुबह पेट साफ होने में परेशानी नहीं होगी.
ये भी पढ़ें: