अगर आप रोज Black Coffee पीते हैं या वेट लॉस के लिए इसे अपनी डाइट में शामिल करने की सोच रहे हैं, तो पहले इसका सही तरीका जान लें. कई लोग सुबह उठते ही या खाली पेट ब्लैक कॉफी पी लेते हैं. यह आदत हर किसी के लिए सही नहीं होती. सही समय और सही क्वांटिटी में पी गई ब्लैक कॉफी शरीर को फायदा पहुंचा सकती है, जबकि गलत तरीके से पीने पर नींद, पेट और सेहत से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं.
सुबह उठते ही तुरंत ब्लैक कॉफी पीने के बजाय कुछ समय इंतजार करना बेहतर माना जाता है. इसके अलावा इसे नाश्ते के बाद या सुबह के समय पीना अच्छा ऑप्शन हो सकता है. देर शाम या रात में ब्लैक कॉफी पीने से बचना चाहिए, क्योंकि इसमें मौजूद कैफीन आपकी नींद पर असर डाल सकता है.
बहुत से लोग सोचते हैं कि खाली पेट ब्लैक कॉफी पीने से वजन जल्दी कम होता है, लेकिन यह तरीका हर किसी के लिए सही नहीं है. खाली पेट कॉफी पीने से कुछ लोगों को गैस, एसिडिटी, पेट में जलन या बेचैनी महसूस हो सकती है. अगर आपको पहले से पेट से जुड़ी कोई समस्या है, तो ब्लैक कॉफी खाली पेट पीने से बचें.
ब्लैक कॉफी पीने से शरीर को कई फायदे मिल सकते हैं. यह शरीर को एनर्जी देने, फोकस बढ़ाने और थकान कम करने में मदद करती है. इसमें कैलोरी बहुत कम होती है, इसलिए वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोग भी इसे अपनी डाइट का हिस्सा बनाते हैं.
ब्लैक कॉफी में ज्यादा चीनी, क्रीम या फ्लेवर मिलाने से उसके कई फायदे कम हो सकते हैं. दिनभर बार-बार कॉफी पीना भी सही आदत नहीं है. अगर आप रात में ब्लैक कॉफी पीते हैं, तो इससे आपकी नींद खराब हो सकती है. इसलिए सही समय और सही क्वांटिटी का ध्यान रखना जरूरी है.