कर्नाटक में ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म पर ऐसी चीज बिकने का मामला सामने आया है, जिसे खाना सेहत के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है. राज्य के फूड सेफ्टी एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने Amazon, Swiggy Instamart और BigBasket के फूड लाइसेंस अगले आदेश तक सस्पेंड कर दिए हैं. कार्रवाई के पीछे वजह इन प्लेटफॉर्म पर धतूरे (Datura) के फल और बीजों की बिक्री बताई गई है. जांच में सामने आया कि कुछ जगह इन्हें इंसानों के खाने के लिए उपलब्ध कराया जा रहा था. कुछ पैकेट पर FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन नंबर भी दर्ज थे.
जांच में मिली धतूरे की ऑनलाइन लिस्टिंग
विभाग की जांच के दौरान तीनों ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर धतूरे के फल और बीज की लिस्टिंग मिलने की बात सामने आई. खास बात यह थी कि इन उत्पादों को कुछ जगह खाने और मानव उपभोग के लिए उपलब्ध कराया गया था. FDA ने धतूरे को जहरीला बताते हुए कहा कि इसका सेवन सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है. इसके बाद विभाग ने तीनों कंपनियों को तुरंत ऐसी सभी ऑनलाइन लिस्टिंग और विज्ञापन हटाने के निर्देश दिए.
खाने के तौर पर बिक्री पर लगाई रोक
FDA ने स्पष्ट किया कि धतूरे के फल और बीज को खाद्य पदार्थ के रूप में बेचना, बांटना या प्रदर्शित करना बंद करना होगा. इसके साथ ही उन विक्रेताओं और प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन भी सस्पेंड करने का आदेश दिया गया, जो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए धतूरे के उत्पाद उपलब्ध करा रहे थे. विभाग ने तीनों कंपनियों और संबंधित संस्थानों से कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी है. रिपोर्ट मिलने के बाद पूरे मामले की समीक्षा की जाएगी और लाइसेंस सस्पेंशन हटाने को लेकर अलग आदेश जारी किया जा सकता है.
कोर्ट में हुई सुनवाई, कंपनियों ने रखी अपनी बात
सरकार के आदेश के मुताबिक, सोमवार को तीनों ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म इस मामले में सुनवाई के लिए कोर्ट के सामने पेश हुए. Amazon की ओर से इस दौरान कोई जवाब पेश नहीं किया गया. वहीं Swiggy Instamart ने धतूरे की लिस्टिंग और बिक्री के खिलाफ की गई कार्रवाई से जुड़े दस्तावेज जमा नहीं किए और इसके लिए अतिरिक्त समय मांगा. दूसरी ओर BigBasket ने FDA को बताया कि धतूरे के फल और बीज की बिक्री रोक दी गई है. कंपनी ने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी लिस्टिंग की बिक्री का तरीका बदला जाएगा और उत्पादों पर Not for Human Consumption यानी मानव उपभोग के लिए नहीं का लेबल लगाया जाएगा.
FDA ने जवाबों को बताया असंतोषजनक
तीनों प्लेटफॉर्म की ओर से दी गई जानकारी की समीक्षा के बाद FDA ने उनके जवाबों को संतोषजनक नहीं माना. इसके बाद विभाग ने तीनों के फूड लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन को अगले आदेश तक सस्पेंड करने का फैसला लिया. अब संबंधित कंपनियों और विक्रेताओं को विभाग के निर्देशों का पालन करते हुए अनुपालन रिपोर्ट जमा करनी होगी. इसके बाद ही लाइसेंस बहाल करने को लेकर फैसला लिया जाएगा.
धतूरा खाने की चीज नहीं, सावधानी जरूरी
धतूरा एक जहरीला पौधा है और इसके फल तथा बीजों का सेवन गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है. यही वजह है कि FDA ने इसे खाद्य पदार्थ के रूप में बेचे जाने पर आपत्ति जताई है. धतूरा भगवान शिव को प्रिय माना जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, समुद्र मंथन से निकले विष को शिव ने अपने कंठ में धारण किया था. इसके बाद शिवलिंग पर धतूरा चढ़ाने की परंपरा जुड़ी. हालांकि धार्मिक रूप से चढ़ाया जाने वाला धतूरा खाने योग्य नहीं है, क्योंकि इसके फल और बीज जहरीले होते हैं.
ये भी पढ़ें: