भारत में चाय सिर्फ एक पीने की चीज नहीं, बल्कि लोगों की लाइफस्टाइल का अहम हिस्सा बन चुकी है. सुबह की शुरुआत हो, ऑफिस के काम के बीच ब्रेक लेना हो या दोस्तों और परिवार के साथ कुछ सुकून भरे पल बिताने हों, एक कप चाय हर मौके को खास बना देती है. वहीं ज्यादातर लोग दूध वाली चाय पीना पसंद करते हैं, लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि बिना दूध की चाय यानी ब्लैक टी सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद हो सकती है. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि दोनों चाय शरीर पर किस तरह असर डालती हैं और कौन सा विकल्प ज्यादा बेहतर माना जाता है.
कैसे बनती है दूध वाली और ब्लैक टी?
दूध वाली चाय चाय पत्ती, दूध, पानी और चीनी के मिश्रण से तैयार की जाती है. इसका स्वाद गाढ़ा और मीठा होता है, इसलिए भारत में यह सबसे ज्यादा पसंद की जाती है. वहीं ब्लैक टी केवल पानी और चायपत्ती से बनती है. इसमें दूध और चीनी का इस्तेमाल नहीं होता, जिससे यह हल्की और कम कैलोरी वाली ड्रिंक मानी जाती है.
दूध वाली चाय के फायदे और नुकसान
दूध वाली चाय में मौजूद दूध कैल्शियम, प्रोटीन और विटामिन डी का अच्छा स्रोत होता है. यह हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करता है. हालांकि इसमें चीनी और फैट की मात्रा ज्यादा होने से वजन बढ़ने का खतरा भी रहता है.
वहीं दूध और चाय में मौजूद टैनिन मिलकर पाचन प्रक्रिया को धीमा कर सकते हैं. इससे कुछ लोगों को गैस, एसिडिटी और पेट फूलने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इसके अलावा दूध में मौजूद प्रोटीन चाय के एंटीऑक्सीडेंट गुणों को कम कर देते हैं, जिससे इसके हेल्थ बेनिफिट्स घट सकते हैं.
ब्लैक टी के फायदे
ब्लैक टी को हेल्दी विकल्प माना जाता है क्योंकि इसमें दूध और अतिरिक्त कैलोरी नहीं होती. यह वजन कम करने में मददगार साबित हो सकती है. इसमें कैटेचिन्स और फ्लेवोनॉयड्स जैसे एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं.
नियमित ब्लैक टी पीने से कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है. यह पाचन को बेहतर बनाती है और पेट की सूजन या गैस जैसी परेशानियों को कम करती है. साथ ही इसमें मौजूद पोषक तत्व इम्यून सिस्टम को भी मजबूत बनाते हैं.
कौन सी चाय है बेहतर?
डाइटिशियन और हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक ब्लैक टी सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद मानी जाती है. यह वजन कंट्रोल रखने, दिल को स्वस्थ रखने और पाचन सुधारने में मदद करती है. वहीं दूध वाली चाय स्वाद में बेहतर जरूर लगती है, लेकिन ज्यादा मात्रा में इसका सेवन शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है. अगर आप फिट और हेल्दी रहना चाहते हैं तो ब्लैक टी को अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं. वहीं दूध वाली चाय पीना चाहते हैं तो इसकी मात्रा सीमित रखें और चीनी कम इस्तेमाल करें. विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी चाय का सेवन संतुलित मात्रा में करना ही सबसे अच्छा विकल्प है.
ये भी पढ़ें: