Sugarcane Juice: आप भी गर्मी में पीते हैं रोज गन्ने का जूस... तो पीने से पहले जान लें ये 5 बातें, नहीं तो फायदे की जगह सेहत को हो सकता है नुकसान 

Sugarcane Juice Side Effects: गन्ने का मीठा जूस वैसे तो पीने से सेहत को काफी लाभ मिलता है लेकिन इस जूस को बहुत ज्यादा या गलत तरीके से सेवन करने पर यह नुकसानदायक भी हो सकता है. सड़क किनारे खुले में बिकने वाले गन्ने का जूस अधिक पीने से वजन बढ़ सकता है. पाचन संबंधी समस्याएं आ सकती हैं. ब्लड शुगर में वृद्धि हो सकती है.  

Sugarcane Juice Side Effects
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 17 मई 2026,
  • अपडेटेड 3:17 PM IST

गर्मी के मौसम में गन्ने का जूस लोग खूब पीते हैं. गन्ने का मीठा जूस पीने से शरीर को जहां ठंडक मिलती है, वहीं सेहत को भी गजब के फायदे मिलते हैं. गन्ने का जूस शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है. इसमें पोटेशियम, मैग्नीशियम, फास्फोरस, कैल्शियम और आयरन खूब होता है. गन्ने का जूस शरीर को इंस्टेंट एनर्जी देने का काम करता है. गन्ने का जूस पीने के फायदे बहुत हैं लेकिन इस जूस को बहुत ज्यादा या गलत तरीके से सेवन करने पर यह नुकसानदायक भी हो सकता है. यदि आप भी रोज कई गिलास गन्ने का जूस पीते हैं तो यह खबर आपके काम की है. आज हम आपको बता रहे हैं कि गन्ने का जूस का ज्यादा या गलत तरीके से पीने से क्या-क्या नुकसान हो सकते हैं. 

1. गन्ने का जूस अधिक पीने से बढ़ सकता है वजन: गन्ने के जूस में शुगर काफी होता है. इसमें कैलोरी भी भरपूर होता है. गन्ने के एक ग्लास जूस में ही आपको बहुत ज्यादा कैलोरी मिल जाती है. यदि आप दिन में बार-बार गन्ने का जूस का सेवन करेंगे तो आपका वजन बढ़ सकता है. यदि आप वजन घटाना चाहते हैं तो गन्ने का जूस कम पिएं या न पिएं.  

2. इंफेक्शन का रहता है खतरा...पाचन संबंधी हो सकती है समस्या: आप देखते होंगे कि गन्ने का जूस अधिकतर सड़क किनारे खुले में बिकता है. गन्ने के जूस को सड़क किनारे ही बनाया जाता है और पीने के लिए दिया जाता है. कई बार साफ-सफाई का भी ध्यान नहीं रखा जाता है. मशीनें ठीक से साफ नहीं की जाती हैं, बर्फ को बनाने के लिए गंदे पानी का इस्तेमाल किया जाता है या फिर गन्ने को भी धोए बिना ही जूस बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. यदि ऐसा होता है तो आपके गन्ने के जूस में बैक्टीरिया और जर्म्स मिल सकते हैं. ऐसे गन्ने के जूस को पीने पर पेट में इन्फेक्शन, बार-बार उल्टी आना और फूड पोइजनिंग जैसी प्रॉब्लम्स से आपको जूझना पड़ सकता है. बहुत ज्यादा गन्ने का जूस पीने से पेट में गैस, भारीपन और अपच जैसी प्रॉब्लम्स भी हो सकती हैं. 

3. डायबिटीज और किडनी के मरीजों के लिए रिस्की: गन्ने के जूस में प्राकृतिक शुगर बहुत अधिक होती है, जो ब्लड शुगर लेवल को तेजी से बढ़ा सकती है. यदि आप डायबिटीज के मरीज हैं तो आपको कभी भी बिना सोचे-समझे गन्ने का जूस नहीं पीना चाहिए. किडनी रोगी को भी गन्ने का जूस नहीं पीना चाहिए. गन्ने के जूस में पोटैशियम अधिक पाया जाता है, जो क्रॉनिक किडनी डिजीज से ग्रस्त लोगों के लिए नुकसानदायक हो सकता है. इससे इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन हो सकता है.

4. ...तो दांतों को हो सकता है नुकसान: आपको मालूम हो कि गन्ने के जूस में शुगर की मात्रा अधिक होती है. यदि आप गन्ने का जूस हर दिन पीते हैं तो यह आपके दांतों को भी नुकसान पहुंचा सकता है. गन्ने का जूस में शामिल शुगर आपके दांतों में चिपक जाता है और बैक्टीरिया को बढ़ावा देने का काम करता है. इसके चलते आपको कैविटी और दांतों की सड़न जैसी प्रॉब्लम्स भी हो सकती हैं. यदि आप बार-बार गन्ने के मीठे जूस का सेवन करते हैं लेकिन अपने दांतों को ठीक से साफ नहीं करते हैं तो आपके दांत कमजोर हो सकते हैं.

5. ऐसे लोग न पिएं गन्ने का जूस: यदि किसी को हेपेटाइटिस या फैटी लिवर की समस्या है तो गन्ने का जूस पीने से बचना चाहिए. गन्ने का जूस लिवर पर एक्स्ट्रा दबाव डाल सकता है और समस्या को बढ़ा सकता है. गन्ने के जूस में पोलीकोसानॉल नामक तत्व होता है. गन्ने का जूस अधिक पीने से नींद न आने की समस्या या चक्कर आने जैसी परेशानी हो सकती है.

 

Read more!

RECOMMENDED