आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में दिनभर की थकान के बाद कई लोग बिस्तर पर बैठकर खाना खाना काफी पसंद करते हैं. सामने टीवी, हाथ में मोबाइल और पसंदीदा खाना, यह कॉम्बिनेशन कई लोगों की रोजमर्रा की आदत बन चुका है. लेकिन जो चीज हमें आराम देती है, वही धीरे-धीरे हमारी सेहत पर नकारात्मक असर भी डाल सकती है. अगर आप भी रोजाना बिस्तर पर बैठकर खाना खाते हैं, तो इस आदत के पीछे छिपे नुकसान को जानना जरूरी है.
डाइजेशन पर पड़ता है असर
बिस्तर पर बैठकर या लेटकर खाना खाने से शरीर सही पोजिशन में नहीं रहता, जिससे खाना ठीक से डाइजेस्ट नहीं हो पाता. ऐसी स्थिति में डाइजेस्टिव सिस्टम पर दबाव पड़ता है और गैस, एसिडिटी जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं. वहीं, सही तरीके से बैठकर खाने से डाइजेशन बेहतर रहता है और शरीर को पोषक तत्व सही तरह से मिलते हैं.
अनजाने में बढ़ सकता है वजन
जब आप बिस्तर पर आराम से बैठकर टीवी देखते हुए या मोबाइल चलाते हुए खाना खाते हैं, तो अक्सर यह अंदाजा नहीं लग पाता कि आपने कितना खा लिया है. इस वजह से जरूरत से ज्यादा खाना खा लिया जाता है, जो धीरे-धीरे वजन बढ़ने का कारण बनता है.
साफ-सफाई और हाइजीन की समस्या
बिस्तर पर खाना खाने से गंदगी और बैक्टीरिया के पनपने की संभावना बढ़ जाती है. खाने के टुकड़े गिरने से कीड़े-मकौड़े आकर्षित हो सकते हैं, जिससे स्वास्थ्य और त्वचा से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं. यह आदत धीरे-धीरे आपके आसपास के वातावरण को अस्वच्छ बना देती है.
लाइफस्टाइल पर पड़ता है नकारात्मक प्रभाव
यह आदत धीरे-धीरे आपके लाइफस्टाइल को भी प्रभावित करती है. बिस्तर पर खाना खाने से आलकस बढ़ता है और शारीरिक एक्टिविटी कम हो जाती हैं. इससे आपकी दिनचर्या का बैलेंस बिगड़ सकता है और आप एक अनहेल्दी रूटीन की ओर बढ़ सकते हैं.