World Health Day: सरकार की वो 5 योजनाएं, जिनसे हर जरूरतमंद तक पहुंच रहा सस्ता और मुफ्त इलाज

भारत में सरकार ने इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए कई ऐसी योजनाएं शुरू की हैं, जिनका मकसद गरीब और मध्यम वर्ग तक सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है. केंद्र और राज्य सरकारों की कई योजनाएं मिलकर देश के करोड़ों लोगों को इलाज की सुविधा दे रही हैं.

World Health Day: AI Generated Images
अपूर्वा राय
  • नई दिल्ली,
  • 07 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 12:12 PM IST
  • सरकार की इन 5 योजनाओं से मिल रहा सहारा
  • सबके लिए फायदेमंद हैं सरकार की ये 5 हेल्थ योजनाएं

आज वर्ल्ड हेल्थ डे है. हर साल 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है, ताकि लोगों को सेहत के प्रति जागरूक किया जा सके. यह दिन हमें याद दिलाता है कि अच्छी सेहत हर व्यक्ति का अधिकार है.

अमित शाह ने द‍ि‍ए सेहतमंद रहने के 3 मंत्र
वर्ल्ड हेल्थ डे के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर एक बेहद जरूरी संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि अच्छी सेहत एक चुनाव है जिसे हम अपनी सही देखभाल से बनाए रख सकते हैं. शाह ने एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए तीन मुख्य बातों पर जोर दिया है, पर्याप्त देखभाल, खानपान की अच्छी आदतें और नियमित व्यायाम. अगर हम इन तीन चीजों को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना लें, तो कई बीमारियों से दूर रह सकते हैं.

 

भारत में सरकार ने इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए कई ऐसी योजनाएं शुरू की हैं, जिनका मकसद गरीब और मध्यम वर्ग तक सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है. केंद्र और राज्य सरकारों की कई योजनाएं मिलकर देश के करोड़ों लोगों को इलाज की सुविधा दे रही हैं.

यहां हम आपको 5 ऐसी बड़ी स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में बता रहे हैं, साथ ही यह भी समझाएंगे कि आप इनका फायदा कैसे उठा सकते हैं.

1. आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY)
यह देश की सबसे बड़ी हेल्थ स्कीम है, जिसके तहत गरीब परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है. यह योजना 23 सितंबर 2018 को शुरू की गई थी. इसमें परिवार के आकार या उम्र पर कोई सीमा नहीं है. इस योजना में 86 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को नामांकित किया गया है. देश भर में 33,000 से ज्यादा अस्पताल - 17,685 सरकारी और 15,380 प्राइवेट- एबी-पीएमजेएवाई के अंतर्गत सूचीबद्ध हैं.

क्या मिलता है?
सरकारी और लिस्टेड प्राइवेट अस्पतालों में कैशलेस इलाज
सर्जरी, दवाएं, जांच सब शामिल
इसमें कैंसर, हृदय रोग जैसे गंभीर रोगों के लिए एडवांस मेडिकल ट्रीटमेंट शामिल है.

कैसे उठाएं फायदा?

  • अपना नाम आयुष्मान भारत की आधिकारिक वेबसाइट या CSC सेंटर पर चेक करें

  • अगर पात्र हैं तो आयुष्मान कार्ड बनवाएं.

  • किसी भी एम्पैनल्ड अस्पताल में कार्ड दिखाएं.

  • बिना पैसे दिए इलाज शुरू हो जाएगा.

2. मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना
यह योजना अलग-अलग राज्यों में अलग नाम से चलती है और आयुष्मान भारत को सपोर्ट करती है. मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना (CMJAY) का उद्देश्य गरीब और वंचित परिवारों को प्राथमिक और गंभीर बीमारियों के लिए 5 लाख तक का निशुल्क इलाज उपलब्ध कराना है. यह योजना आयुष्मान भारत के तहत यूपी, बिहार और राजस्थान जैसे राज्यों में लागू है.

क्या मिलता है?
अतिरिक्त कवरेज (कुछ राज्यों में 5 लाख से ज्यादा)
राज्य के अस्पतालों में विशेष सुविधाएं

कैसे उठाएं फायदा?

  • अपने राज्य की योजना की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करें

  • जरूरी दस्तावेज (आधार, राशन कार्ड) जमा करें

  • कार्ड बनवाएं

  • राज्य के पैनल अस्पताल में इलाज कराएं

3. ईएसआई (ESI) योजना
यह योजना नौकरीपेशा लोगों के लिए है, खासकर प्राइवेट सेक्टर के कर्मचारियों के लिए. इसके तहत ईएसआई में बीमित व्यक्ति और उस पर आश्रित पारिवारिक सदस्यों को चिकित्सा लाभ दिया जाता है. ESIC का लाभ उन कर्मचारियों को उपलब्ध है, जिनकी मासिक आय 21 हजार रुपए या इससे कम है. हालांकि दिव्यांगजनों के मामले में आय सीमा 25000 रुपए है.

क्या मिलता है?
कर्मचारी और उसके परिवार को मुफ्त इलाज
अस्पताल, दवाएं और मेडिकल सुविधा

कैसे उठाएं फायदा?

  • आपकी कंपनी आपको ESI में रजिस्टर करती है

  • आपको ESI कार्ड मिलता है

  • ESI अस्पताल में जाकर इलाज कराएं

  • जरूरत पड़ने पर स्पेशल अस्पताल में रेफर किया जाता है

4. प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र
प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि योजना (PMBJP) का मकसद देश के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण दवाएं सस्ते दाम पर उपलब्ध कराना है. यह योजना खासकर गरीब और मध्यम वर्ग के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है. इनके मेडिकल स्टोर पर ब्रांडेड दवाओं के बराबर गुणवत्ता वाली जेनेरिक दवाएं बहुत कम कीमत पर मिलती हैं.

क्या मिलता है?
ब्रांडेड दवाओं से 50% से 90% तक सस्ती दवाएं
पूरे देश में 10,000+ से ज्यादा जन औषधि केंद्र

कैसे उठाएं फायदा?

  • अपने नजदीकी जन औषधि केंद्र का पता लगाएं

  • डॉक्टर की पर्ची लेकर जाएं

  • वही दवा सस्ते दाम में खरीदें

  • कोई भी व्यक्ति (गरीब, मध्यम वर्ग, अमीर सभी यहां से दवा खरीद सकते हैं)

  • किसी विशेष कार्ड की जरूरत नहीं


5. जननी सुरक्षा योजना
भारत सरकार गर्भवती महिलाओं, खासकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए कई योजनाएं चला रही है. जननी सुरक्षा योजना (JSY) के तहत महिलाओं को अस्पताल में डिलीवरी के लिए प्रोत्साहित करने के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है. वहीं जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (JSSK) के जरिए गर्भवती महिलाओं को सरकारी अस्पतालों में फ्री डिलीवरी (सी-सेक्शन सहित), दवाएं, जांच, खाना और आने-जाने की सुविधा दी जाती है.

क्या मिलता है?

  • सुरक्षित डिलीवरी के लिए आर्थिक मदद

  • सरकारी अस्पताल में मुफ्त इलाज

  • 102 एंबुलेंस सेवा के जरिए मुफ्त परिवहन

इसके अलावा सुमन (SUMAN) और प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) जैसी पहल के तहत हर महीने फ्री जांच और सुरक्षित मातृत्व सेवाएं दी जा रही हैं. इन योजनाओं का उद्देश्य मातृ और शिशु मृत्यु दर को कम करना और हर महिला तक सुरक्षित इलाज पहुंचाना है.

 

Read more!

RECOMMENDED