भारत

दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश के बाद मौसम हुआ सुहाना, अगले 2 दिन भी बरसते रहेंगे बादल

gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 21 जुलाई 2026,
  • Updated 12:22 PM IST
1/5

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार देर रात से शुरू हुई बारिश मंगलवार सुबह से जारी है. लगातार हुई बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों तक दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान तेज बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है.

2/5

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक मंगलवार को राजधानी में पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे. कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. गरज के साथ बिजली चमकने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.

आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

3/5

येलो अलर्ट क्यों जारी किया गया है?
IMD ने मंगलवार और बुधवार के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार कई जगहों पर मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली भी गिर सकती है.

बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, सड़क पर ट्रैफिक जाम और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित होने की आशंका है. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज बारिश और आंधी के दौरान पेड़ों या कमजोर इमारतों के नीचे खड़े होने से बचें.
 

4/5

उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

दिल्ली के अलावा हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने का अनुमान है. पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इससे पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है.

5/5

मध्य और पूर्वी भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी व्यापक बारिश का अनुमान है. इन राज्यों के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है. पूर्वोत्तर भारत में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है.
 

लेटेस्ट फोटो