दिल्ली-एनसीआर में बुधवार शाम और गुरुवार सुबह से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया. राजधानी के कई इलाकों में जलभराव हो गया, जबकि नोएडा और गाजियाबाद में ऑफिस जाने वाले लोगों को लंबे ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है.
मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए दिनभर मध्यम से भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है. इसके साथ ही विभाग ने कहा है कि 12 जुलाई तक दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और मौसम की जानकारी के अनुसार ही यात्रा करने की सलाह दी गई है.
IMD की ओर से जारी जिला स्तरीय नाउकास्ट के अनुसार सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ दिल्ली, नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली, शाहदरा, साउथ दिल्ली, साउथ-ईस्ट दिल्ली, साउथ-वेस्ट दिल्ली और वेस्ट दिल्ली समेत राजधानी के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली चमकने की घटनाएं भी हो सकती हैं. विभाग ने लोगों से जलभराव वाले रास्तों से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने और गैर-जरूरी यात्रा टालने की अपील की है.
लगातार बारिश का असर सुबह से ही राजधानी और एनसीआर की सड़कों पर दिखाई दिया. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, मुनिरका और कई अन्य इलाकों में पानी भर गया. वहीं नोएडा और गाजियाबाद में प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई.
मौसम विभाग का कहना है कि भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम, दृश्यता कम होने और रेल व हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है. साथ ही छोटे पेड़ों की शाखाएं टूटने और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई गई है.
दिल्ली ही नहीं, पूरे उत्तर भारत में मानसून जोर पकड़ चुका है. IMD के अनुसार हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 10 जुलाई तक व्यापक बारिश होने की संभावना है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 जुलाई तक और पूर्वी राजस्थान में 9 जुलाई को भी तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. बुधवार को सक्रिय हुए मानसून ने उत्तर भारत को भीषण गर्मी और उमस से राहत दी थी, लेकिन अब यही बारिश कई इलाकों में परेशानी का कारण बन रही है.
इस बीच देश के अन्य राज्यों में भी भारी बारिश का असर देखने को मिल रहा है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केरल, महाराष्ट्र, गुजरात और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बात कर बारिश से पैदा हुए हालात की जानकारी ली और केंद्र की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. मौसम विभाग ने लोगों से अगले कुछ दिनों तक मौसम संबंधी अलर्ट पर नजर रखने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है.