राजस्थान में जयपुर के बाद सबसे ज्यादा डॉग बाइट के मामले अलवर जिले में सामने आते हैं. हर साल यहां 50 हजार से अधिक लोगों के कुत्तों के काटने की शिकायतें दर्ज होती हैं. लगातार बढ़ रही इन घटनाओं को देखते हुए अलवर नगर निगम द्वारा समय-समय पर आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई की जाती है.
अलवर की सबसे बड़ी निजी आवासीय सोसायटी अपना घर शालीमार में लंबे समय से आवारा कुत्तों के हमलों की शिकायतें मिल रही थीं. बच्चों और महिलाओं पर कुत्तों के हमले की घटनाएं बढ़ने के बाद नगर निगम की टीम जब कुत्तों को पकड़ने के लिए सोसायटी पहुंची, तो वहां डॉग लवर्स भी पहुंच गए.
कुत्तों को छुड़ाने की कोशिश, हाथापाई तक पहुंचा मामला
नगर निगम की टीम द्वारा कुत्तों को पकड़ते ही डॉग लवर्स ने विरोध शुरू कर दिया. इस दौरान एक युवती निगम कर्मचारियों से उलझ गई और पकड़े गए कुत्तों को छुड़ाने की कोशिश करने लगी. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और निगम कर्मचारियों तथा युवती के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई हो गई.
घटना की जानकारी मिलते ही सोसायटी के अन्य लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए. लोगों ने बताया कि आवारा कुत्ते आए दिन बच्चों और महिलाओं पर हमला करते हैं और डॉग बाइट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. लोगों के समझाने के बावजूद युवती विवाद करती रही.
वीडियो रिकॉर्डिंग को लेकर और बढ़ा विवाद
हंगामे के दौरान युवती नगर निगम कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों का वीडियो रिकॉर्ड करने लगी. इस पर सोसायटी के लोगों ने उसे वीडियो बनाने से रोका. इसी बात को लेकर विवाद और गहरा गया. काफी देर तक सोसायटी परिसर में हंगामा चलता रहा. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
डॉग शेल्टर होम बनाने की तैयारी में नगर निगम
डॉग बाइट की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए न्यायालय के आदेश के बाद अलवर नगर निगम डॉग शेल्टर होम बनाने की तैयारी कर रहा है. इसके साथ ही नगर निगम की टीम द्वारा लगातार आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई भी की जा रही है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके.
(रिपोर्ट- हिमांशु शर्मा)
ये भी पढ़ें