पंजाब विधानसभा चुनाव से चंद माह पहले शहरी स्थानीय निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत ने पूरी पार्टी को जोश से भर दिया है. इस शानदार जीत के लिए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत तमाम नेताओं ने सीएम भगवंत सिंह मान की ‘काम की राजनीति’ को सराहने के लिए पंजाब की जनता का धन्यवाद किया है. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के लोगों ने ये ऐतिहासिक वोट देकर भगवंत मान सरकार के कामों को शाबाशी दी है. ऐसे ही हम अच्छे काम आगे भी करते रहेंगे. वहीं ईडी पार्टी का सफ़ाया हो गया. ईडी पार्टी ने पंजाब के छोटे-छोटे व्यापारियों पर जो इतनी रेड करवा कर लोगों को परेशान किया, आज लोगों ने उसका बदला लिया.
केजरीवाल ने व्यापारियों को किया सतर्क
अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के सभी व्यापारियों को सचेत करते हुए कहा कि शुक्रवार को आए निकाय चुनावों के नतीजों के बाद आने वाले दिनों में ईडी पार्टी कई व्यापारियों पर ईडी रेड की प्लानिंग कर रही है. सभी व्यापारी सतर्क रहें. हमारी सरकार पूरी तरह से सभी व्यापारियों के साथ खड़ी है. ईडी पार्टी को पूरी तरह से पंजाब से भगाना है.
सोशल मीडिया एक्स पर अरविंद केजरीवाल ने एक वीडिया साझा कर कहा कि पंजाब में आज नगर निगम और शहरी निकायों के नतीजे आए हैं और आम आदमी पार्टी ने पूरे पंजाब के अंदर पूरा स्वीप किया है. सभी शहरी निकायों के अंदर पार्टी की जबरदस्त जीत हुई है. अभी थोड़े दिन पहले पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद के ग्रामीण निकायों के नतीजे आए थे. उसमें भी 'आप' की जबरदस्त जीत हुई थी. और अब आज शहरी क्षेत्रों के नतीजे आए हैं, इसमें भी जबरदस्त जीत हुई है.
'आप' की पकड़, शहरों में भी जकड़
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं पंजाब के लोगों को बहुत बहुत बधाई देना चाहता हूं. उनका बहुत-बहुत शुक्रिया अदा करना चाहता हूं कि उन्होंने आम आदमी पार्टी के कामों पर और पार्टी के ऊपर इतना भरोसा किया. पार्टी के जो अच्छे काम हैं, उस पर एक तरह से पंजाब के लोगों ने मोहर लगाई है और शाबाशी दी है कि अच्छा कर रहे हो, लगे रहो. कुछ लोग कह रहे थे कि पार्टी शहरों में कमजोर है. आज यह साबित हो गया कि पार्टी शहरों में भी बहुत मजबूत है और मजबूती के साथ काम कर रही है. शहर के लोगों का भी आम आदमी पार्टी के ऊपर पूरी तरह से उतना ही भरोसा है जितना ग्रामीण इलाकों के लोगों का है.
लोगों ने लगाई पार्टी के काम पर मुहर- मान
पंजाब निकाय चुनाव में मिली शानदार जीत के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक्स पर कहा कि पंजाबियों ने एक बार फिर ‘आप की सरकार’ के कामों पर मुहर लगा दी है. विधानसभा, लोकसभा, पंचायत चुनावों और अब नगर निगम तथा नगर पंचायत चुनावों में भी आम आदमी पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की है. 90 फीसद से ज्यादा नगर परिषदों में हमारे उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है.
कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा जैसी सभी विरोधी पार्टियों के कुल वोट भी मिला लिए जाएं, तो भी वे 'आप' के बराबर नहीं पहुंचते. भाजपा तो खिसक कर पांचवें स्थान पर पहुंच गई है. यह जीत जनता को मिल रही मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक, बेहतरीन स्कूलों और पारदर्शी तरीके से मिल रही नौकरियों की जीत है. जीतने वाले सभी उम्मीदवारों और पार्टी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई. अब कोई भेदभाव नहीं होगा. हर शहर, कस्बे और गांव का एक समान विकास होगा. हम सकारात्मक और विकास की राजनीति करने वाले लोग हैं.