उत्तर प्रदेश के आगरा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है. जैतपुर थाना क्षेत्र में एक पिता ने अपनी 24 वर्षीय बेटी की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि उसने परिवार की मर्जी के खिलाफ एक ITBP जवान से कोर्ट मैरिज कर ली थी. आरोपी ने पत्नी और बेटे के सामने बेटी को पहले बेरहमी से पीटा और फिर चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद वह शव के पास बैठा रहा, जबकि पत्नी और बेटे को वहां से भगा दिया. पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. आगरा से करीब 80 किलोमीटर दूर जैतपुर थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. मृतका की पहचान 24 वर्षीय अंकिता शर्मा के रूप में हुई है.
चार महीने पहले की थी कोर्ट मैरिज
जानकारी के मुताबिक, अंकिता ने करीब चार महीने पहले परिवार की इच्छा के विरुद्ध ITBP में तैनात अमित पचौरी से कोर्ट मैरिज कर ली थी. शादी के बाद पति अपनी ड्यूटी पर लौट गया, जबकि अंकिता अपने मायके में ही रह रही थी. परिवार इस शादी से लगातार नाराज था. आरोपी पिता विमल शर्मा ने बेटी के साथ मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद उसने चुन्नी से उसका गला घोंट दिया. घटना के समय उसकी पत्नी और बेटा भी घर में मौजूद थे. हत्या के बाद आरोपी ने दोनों को वहां से जाने के लिए कह दिया और खुद शव के पास बैठा रहा.
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसी
रात करीब साढ़े 12 बजे घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे. लोगों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन आरोपी ने दरवाजा नहीं खोला और घर की लाइट भी बंद कर दी. इसके बाद पड़ोसियों ने 112 पर पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया. घर के ऊपर वाले कमरे में अंकिता अचेत अवस्था में मिली. उसके गले में चुन्नी कसी हुई थी और मुंह से खून निकल रहा था. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पूछताछ में आरोपी पिता विमल शर्मा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने पुलिस से कहा कि बेटी ने परिवार की मर्जी के खिलाफ कोर्ट मैरिज कर उसकी 'नाक कटवा दी' थी. कई बार समझाने के बाद भी वह नहीं मानी, इसलिए उसने गुस्से में उसकी हत्या कर दी.
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला पिता द्वारा पुत्री की हत्या का है. हालांकि, घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हत्या में किसी और की भी भूमिका थी या नहीं. फिलहाल आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
क्या बोली पुलिस?
पुलिस उपायुक्त (पूर्वी जोन), कमिश्नरेट आगरा अभिषेक कुमार अग्रवाल ने बताया कि 3 अगस्त 2026 की सुबह करीब 5 बजे थाना जैतपुर पुलिस को सूचना मिली कि विमल शर्मा नामक व्यक्ति ने अपनी पुत्री की हत्या कर दी है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है. वादी की तहरीर के आधार पर अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसकी पुत्री ने कुछ माह पहले कोर्ट मैरिज की थी, जिससे वह नाराज था. इसी आक्रोश में उसने घटना को अंजाम दिया. मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें