scorecardresearch

'100% शुद्ध', '100% नेचुरल' लिखा है तो आंख बंद करके भरोसा न करें, FSSAI ने डाबर के कई प्रोडक्ट्स पर बैन लगाया, जानिए पूरा मामला

किसी भी पैकेज पर लिखा '100% शुद्ध', '100% नेचुरल' या '100% ऑर्गेनिक' दावा हमेशा अंतिम सच नहीं माना जा सकता. ग्राहकों को केवल बड़े-बड़े दावों के आधार पर उत्पाद नहीं खरीदना चाहिए, बल्कि लेबल, प्रमाणन और अधिकृत जानकारी भी देखनी चाहिए.

Advertisement
FSSAI Bans Sale of Dabur Food FSSAI Bans Sale of Dabur Food
हाइलाइट्स
  • 100% शुद्ध लिखा देखकर न करें भरोसा

  • FSSAI ने डाबर के कई फूड प्रोडक्ट्स पर बैन लगाया

अगर आप भी किसी पैकेट पर 100% Pure, 100% Natural या 100% Organic लिखा देखकर उसे बिना सोचे-समझे खरीद लेते हैं, तो यह खबर आपके लिए है. देश की खाद्य सुरक्षा नियामक संस्था FSSAI (फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया) ने डाबर इंडिया के कई फूड प्रोडक्ट्स पर कार्रवाई करते हुए उनकी बिक्री को बैन कर दिया है. वजह यह है कि कंपनी अपने कई उत्पादों पर ऐसे दावे कर रही थी, जिन्हें नियामक ने भ्रामक और नियमों के खिलाफ माना है.

किन प्रोडक्ट्स पर हुई कार्रवाई?
FSSAI ने जिन उत्पादों पर आपत्ति जताई है, उनमें शहद, एप्पल साइडर विनेगर, वर्जिन कोकोनट ऑयल, तिल का तेल, देसी घी, नारियल पानी और नारियल दूध जैसे रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले उत्पाद शामिल हैं. इन प्रोडक्ट्स पर 100% नेचुरल, 100% प्योर, 100% Purity Guaranteed, 100% ऑर्गेनिक और 100% कोकोनट वाटर जैसे दावे किए गए थे.

FSSAI ने इन्हें ग्राहकों के लिए भ्रामक क्यों माना?
FSSAI का कहना है कि 100% जैसे दावे स्पष्ट नहीं हैं और इन्हें वैज्ञानिक या कानूनी रूप से हर मामले में साबित करना आसान नहीं होता. ऐसे दावे ग्राहकों को यह विश्वास दिला सकते हैं कि उत्पाद पूरी तरह शुद्ध या प्राकृतिक है, जबकि इसका सत्यापन जरूरी है. FSSAI के अनुसार, ऐसे दावे Food Safety and Standards (Advertising & Claims) Regulations, 2018 का उल्लंघन करते हैं.

इन गड़बड़ियों पर भी उठे सवाल
जांच के दौरान FSSAI ने पाया कि Dabur Himalayan Organic Apple Cider Vinegar और Dabur Organic Honey पर जैविक भारत का लोगो लगाया गया था, लेकिन इनके पास वैध ऑर्गेनिक एंडोर्समेंट नहीं था. इसके अलावा Dabur Hommade Coconut Milk पर 100% Purity का दावा किया गया था. नियामक के अनुसार, इस तरह के कंपाउंड फूड पर ऐसा दावा नियमों के तहत स्वीकार्य नहीं है.

पहले चेतावनी दी थी फिर बिक्री रोकने का आदेश
FSSAI ने बताया कि उसने पहले भी डाबर को नोटिस जारी कर ऐसे दावों को हटाने के लिए कहा था. हालांकि, कंपनी की तरफ से संतोषजनक सुधार नहीं किया गया. अब नियामक ने कंपनी को निर्देश दिया है कि वह तुरंत उन सभी उत्पादों की बिक्री बंद करे, जिन पर भ्रामक 100% दावे किए गए हैं. साथ ही 15 दिनों के भीतर Action Taken Report (ATR) भी जमा करनी होगी.

डाबर ने क्या कहा?
डाबर इंडिया ने कहा है कि उसे FSSAI का नोटिस मिल गया है और कंपनी अपनी वेबसाइट पर मौजूद कंटेंट की समीक्षा कर रही है. कंपनी के मुताबिक, नोटिस में जिन दावों का जिक्र किया गया है, उनकी जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें: